Uttarakhand

काशीपुर में स्वच्छता की नई राह पर नगर निगम

काशीपुर।नगर निगम काशीपुर ने शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के लिए वर्षभर की कार्ययोजना सार्वजनिक की। मंगलवार को नगर निगम सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता महापौर दीपक बाली ने की। इस मौके पर निगम द्वारा प्रकाशित वार्षिक कैलेंडर का विमोचन भी किया गया, जो हर परिवार तक पहुंचाया जाएगा।

महापौर ने कहा कि अब वह समय दूर नहीं जब काशीपुर स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में नई पहचान बनाएगा। इंदौर और भोपाल की तर्ज पर शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए जनता की भागीदारी सबसे अहम होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की स्वच्छता मुहिम से प्रेरित होकर, काशीपुर के नागरिकों को ‘स्वच्छता साथी’ बनाकर अभियान को जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा।दीपक बाली ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार स्वच्छता अभियान के लिए भारी धनराशि दे रही है, और नगर निगम प्रत्येक रुपये का उपयोग शहर को चमकाने में करेगा। उन्होंने सभी पार्षदों से अपील की कि वे अपने-अपने वार्डों को पूरी तरह कूड़ा-मुक्त करें। महापौर ने पार्षद अरशी को बधाई दी, जिन्होंने अपने वार्ड से सभी कूड़ा पॉइंट समाप्त कर दिए हैं। उन्होंने घोषणा की कि जिन वार्डों में स्वच्छता की स्थिति बेहतर होगी, वहां अतिरिक्त एक करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जाएंगे।महापौर ने बताया कि शहर का कूड़ा प्रबंधन केंद्र अगले चार से पांच माह में तैयार हो जाएगा, जिससे कचरा निस्तारण की समस्या समाप्त हो जाएगी। इसे इस तरह विकसित किया जा रहा है कि स्कूलों के बच्चे भी वहां शैक्षिक भ्रमण के लिए आ सकें। साथ ही, कुत्ता आश्रय केंद्र के लिए भूमि चयन भी पूर्ण कर लिया गया है।

इस अवसर पर IEC टीम की भाव्या पांडे ने नगर निगम द्वारा प्रस्तावित जागरूकता गतिविधियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। इसमें लघु एनिमेटेड फिल्में, कॉमिक्स, इलेक्ट्रॉनिक कियोस्क, नुक्कड़ नाटक, नागरिक रैली, विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगिताएँ और प्रशिक्षण कार्यक्रम जैसी पहलें शामिल हैं। इन सभी का उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छता और नगर निगम की योजनाओं के प्रति जागरूक करना है।कार्यक्रम में नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल शाह, वरिष्ठ भाजपा नेता राम मल्होत्रा, सांसद प्रतिनिधि विजय बोबी, अर्बन बैंक अध्यक्ष बोकी टंडन, भाजपा जिला उपाध्यक्ष मोहन बिष्ट, पार्षदों और अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।

Shubham Mishra