एक दिन की मुख्य चिकित्सा अधिकारी बनी छात्रा अनन्या कुमारी
रूद्रपुर । राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर ऊधम सिंह नगर जनपद में एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल ने राजकीय इंटर कॉलेज, बागवाला की छात्रा अनन्या कुमारी को एक दिन के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी का दायित्व सौंपा।
इस अवसर पर जनपद की 40 मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने शिक्षा, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। इनमें से तीन छात्राएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।विशाखा दिवाकर ने अपनी संघर्षपूर्ण जीवन यात्रा साझा की और बताया कि माता-पिता के असामयिक निधन के बावजूद उन्होंने कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए सफलता प्राप्त की और वर्तमान में वे वन दरोगा के पद पर चयनित हुई हैं।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल ने कहा कि आज की बालिकाएं प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं।
