कोटद्वारपौड़ीयमकेश्वर

कोटद्वार कांग्रेस की अहम बैठक, मनरेगा बचाओ संग्राम व संगठन मजबूती पर बनी रणनीति

कोटद्वार
आज दिनांक 24 जनवरी 2026 को जिला एवं महानगर कांग्रेस संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का नेतृत्व विकास नेगी (जिला कांग्रेस अध्यक्ष) एवं मीना बछवाण (महानगर कांग्रेस अध्यक्ष) द्वारा किया गया। बैठक में संगठनात्मक मजबूती एवं जनसरोकारों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के उपरांत कांग्रेस नेतृत्व द्वारा एक प्रेस वार्ता को संबोधित किया गया, जिसमें केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों पर कांग्रेस पार्टी का स्पष्ट एवं मुखर पक्ष रखा गया।
प्रेस वार्ता के दौरान मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान के अंतर्गत मनरेगा योजना को लेकर गंभीर आपत्तियाँ दर्ज कराई गईं। जिला अध्यक्ष विकास नेगी एवं महानगर अध्यक्ष मीना बछवाण ने कहा कि मनरेगा गरीब, मजदूर एवं ग्रामीण परिवारों के लिए जीवनरेखा है, लेकिन वर्तमान सरकार द्वारा लगातार नियमों में बदलाव, नाम परिवर्तन और तकनीकी जटिलताएँ बढ़ाकर गरीबों के अधिकारों का हनन किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी मनरेगा को कमजोर करने के किसी भी प्रयास का पुरजोर विरोध करेगी।
संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते हुए जिला अध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि कांग्रेस संगठन को आगामी दिनों में और अधिक मजबूत किया जाएगा। इसके तहत कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता से संवाद करेंगे और पार्टी की नीतियों व विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाया जाएगा।
वार्ड स्तर, बूथ स्तर एवं सेक्टर स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
इस अवसर पर यह भी जानकारी दी गई कि 26 जनवरी 2026 को हर वर्ष की भांति झंडा चौक, कोटद्वार में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में गणेश गोदियाल (प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष) की विशेष उपस्थिति रहेगी, वहीं पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
बैठक एवं प्रेस वार्ता में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी संगठन की मजबूती, अनुशासन और आगामी राजनीतिक रणनीति पर अपने विचार रखे तथा वार्ड-वाइज और बूथ-वाइज संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।

Uma Shankar Kukreti