16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस की पूर्व संध्या पर जागरूकता कार्यक्रम, प्रथम बार मतदाता को मिला पहचान पत्र
राष्ट्रीय बालिका दिवस पर सम्मान व सशक्तिकरण का संदेश
पौड़ी/24 जनवरी 2026!(सूचना)
जनपद में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला प्रशासन द्वारा भव्य मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के साथ ही राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर बालिकाओं को सम्मानित कर उनके सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया द्वारा उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को मतदाता शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर प्रथम बार मतदाता के रूप में पंजीकृत सेंट थॉमस स्कूल के छात्र प्रतीक रावत को मतदाता पहचान पत्र प्रदान किया गया। सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह ने बताया कि जिन आवेदकों ने मतदाता सूची से संबंधित आवेदन किए हैं, उनके पहचान पत्र बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) के माध्यम से घर-घर वितरित किए जाएंगे।
मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत बी.आर. मॉडर्न स्कूल की छात्राओं द्वारा मतदान के महत्व पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने सराहा। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने पर बीएलओ अनिल कुमार को सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित बालिकाओं को सम्मानित किया गया। बालिका दिवस की शपथ बी.आर. मॉडर्न स्कूल की छात्रा अनुप्रिया खर्कवाल द्वारा दिलाई गई।
जिलाधिकारी द्वारा “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के अंतर्गत “घौर कु पछ्यांण, नौनी कु नौ” थीम पर आधारित नाम पट्टिका वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बालिकाओं को उनके घरों के लिए नाम पट्टिकाएं वितरित की गईं।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने बालिका रुद्रांशी को गोद में लेकर स्नेहपूर्वक दुलार किया। यह आत्मीय क्षण उपस्थित जनसमूह के लिए भावुक एवं प्रेरणादायी रहा तथा बालिकाओं के प्रति

संवेदनशीलता और संरक्षण का सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि मतदाता जागरूकता के प्रयास वर्ष भर निरंतर चलते रहने चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रियाओं का प्रचार तो होता है, लेकिन शेष अवधि में जागरूकता की कमी के कारण चुनाव के दिन नागरिकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि बच्चों के माध्यम से मतदाता जागरूकता को बढ़ाने हेतु विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है तथा अभिभावकों तक संदेश पहुंचाने के लिए पोस्टकार्ड अभियान जैसे नवाचार अपनाए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद भौगोलिक रूप से विस्तृत होने के बावजूद दूर-दराज़ क्षेत्रों से बुजुर्ग मतदाताओं का मतदान हेतु आना अत्यंत प्रेरणादायी है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे यह सुनिश्चित करें कि उनका नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज हो।
उन्होंने जानकारी दी कि आगामी महीनों में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया प्रारंभ होने जा रही है, अतः सभी मतदाता समय रहते अपने बीएलओ के माध्यम से आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करें।
राष्ट्रीय बालिका दिवस पर अपने संदेश में जिलाधिकारी ने कहा कि बालिकाएं समाज की धुरी हैं और उनके सम्मान, शिक्षा एवं सुरक्षा से ही सशक्त समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे बेटियों को समान अवसर प्रदान करें और उनकी शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
प्रतियोगिता परिणाम

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अंतर्गत आयोजित जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं में—
चित्रकला प्रतियोगिता:
प्रथम – प्राची (रा.बा.इं.कॉ. पैडुल)
द्वितीय – तमन्ना नेगी (रा.इं.कॉ. बग्याली)
तृतीय – श्रीयांशी (रा.इं.कॉ. द्वारीखाल)
निबंध प्रतियोगिता:
प्रथम – गायत्री रावत (रा.इं.कॉ. नवाखाल)
द्वितीय – स्वर्णिका (रा.बा.इं.कॉ. पैडुल)
तृतीय – प्रिया (रा.इं.कॉ. निसणी)
स्लोगन प्रतियोगिता:
प्रथम – मीनाक्षी रावत (रा.बा.इं.कॉ. पैडुल)
द्वितीय – मानसी (रा.बा.इं.कॉ. थलनदी)
तृतीय – अर्पिता (रा.इं.कॉ. दोमटखाल)
मतदाता दिवस के अवसर पर जनपद के विभिन्न कार्यालयों में भी मतदाता शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जिला कार्यालय में कार्यक्रम का संचालन रेडक्रॉस के जिला सचिव केसर सिंह असवाल ने किया।
कार्यक्रम में जिला शिक्षाधिकारी रणजीत सिंह नेगी, जिला खेल समन्वयक योगंबर नेगी, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, सीडीपीओ आशा रावत, एनआईसी डीआईओ मयंक शर्मा, एडीआईओ हेमंत काला सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय नागरिक एवं स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।
