Uttarakhandदेहरादून

गणतंत्र दिवस के राज्य स्तरीय समारोह के लिए तैयार हो रही है सूचना विभाग की आकर्षक झांकी

देहरादून 25 जनवरी, 2026

  • राज्य की 25 साल की विकास यात्रा एवं शीतकालीन धार्मिक यात्रा व पर्यटन है झांकी की प्रमुख विषयवस्तु

देहरादून | राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह
गणतंत्र दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड देहरादून में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में सूचना विभाग द्वारा “रजत जयंती एवं शीतकालीन धार्मिक यात्रा व पर्यटन” विषयक भव्य झांकी का प्रदर्शन किया जाएगा। इस झांकी में उत्तराखण्ड के 25 वर्षों की विकास यात्रा के साथ-साथ तीर्थाटन एवं पर्यटन से जुड़ी प्रमुख उपलब्धियों की आकर्षक झलक देखने को मिलेगी। इन दिनों परेड ग्राउंड में झांकी निर्माण का कार्य तेज़ी से जारी है।
सूचना विभाग के महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विज़न के अनुरूप इस झांकी को विभाग के संयुक्त निदेशक एवं नोडल अधिकारी के.एस. चौहान की देखरेख में तैयार किया जा रहा है।

झांकी के प्रमुख खंड

प्रथम भाग में मुखवा स्थित गंगा मंदिर को दर्शाया गया है, जो माँ गंगा का शीतकालीन प्रवास स्थल है।
अग्रिम केबिन में उत्तराखण्ड गठन के 25 गौरवशाली वर्ष—राज्य की विकास यात्रा, सांस्कृतिक पहचान और निरंतर प्रगति—को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया है।
ट्रेलर भाग में उत्तराखण्ड को आयुर्वेद के अग्रणी राज्य के रूप में प्रदर्शित किया गया है, जहाँ औषधीय पौधों और जड़ी-बूटियों की प्राचीन चिकित्सा परंपरा को रेखांकित किया गया है।
ट्रेलर के द्वितीय खंड में होम-स्टे योजना को दिखाया गया है, जिसमें स्थानीय परिवारों के साथ ठहरने की बढ़ती प्रवृत्ति के माध्यम से पर्यटन, स्थानीय रोजगार और सतत विकास को बढ़ावा दर्शाया गया है।
इसके पश्चात् खरसाली स्थित यमुना मंदिर को प्रदर्शित किया गया है, जो माँ यमुना का शीतकालीन धाम है और अपनी पौराणिक मान्यताओं व हिमालयी शांति के लिए प्रसिद्ध है।

समापन दृश्य

झांकी के अंतिम भाग में उठते हुए स्तंभों (पिलर्स) के माध्यम से राज्य की वर्ष-दर-वर्ष प्रगति को प्रतीकात्मक रूप में दिखाया गया है। पार्श्व भाग में उत्तराखण्ड में लागू नये कानूनों को दर्शाते हुए सुशासन एवं सुदृढ़ कानून-व्यवस्था के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता प्रस्तुत की गई है। पृष्ठभूमि में की गई ऐंपण कला की सजावट पारंपरिक लोक कला को आधुनिक दृष्टिकोण से जोड़ती है।
सूचना विभाग की यह झांकी राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह का प्रमुख आकर्षण होगी। उल्लेखनीय है कि परेड ग्राउंड देहरादून में सूचना विभाग पिछले 15 वर्षों से झांकी का आयोजन कर रहा है और वर्ष 2024 व 2025 में विभागीय झांकी को प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ था।

Uma Shankar Kukreti