रुद्रप्रयाग

गुप्तकाशी में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से महिला की मौत

रुद्रप्रयाग। जनपद के गुप्तकाशी नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नाला में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब महिला पेड़ पर चढ़कर चारा पत्ती काट रही थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आर्यन हेलीपैड के समीप वार्ड नाला निवासी बिनीता देवी (पत्नी कुशलानंद तिवारी) पेड़ पर चढ़कर चारा पत्ती काट रही थीं। इसी दौरान पेड़ की एक टहनी पास से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गई, जिससे महिला को तेज करंट लग गया। करंट की चपेट में आने से वह पेड़ पर ही अचेत अवस्था में लटक गई।
घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग गुप्तकाशी, पुलिस, एसडीआरएफ तथा 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। विद्युत आपूर्ति बंद कर महिला को सुरक्षित नीचे उतारा गया और तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुप्तकाशी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।

Uma Shankar Kukreti