देहरादून में खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्त कार्रवाई, बिना लाइसेंस संचालित 5 दुकानों को नोटिस
देहरादून | 31 जनवरी 2026
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड श्री सचिन कुर्वे के निर्देश पर जनपद देहरादून में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा देहरादून श्री मनीष सयाना एवं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र देहरादून श्री रमेश सिंह के नेतृत्व में टी बागान क्षेत्र, ठाकुरपुर रोड, टिहरी क्षेत्र, पंडितवाड़ी एवं प्रेमनगर क्षेत्र में स्थित मीट शॉप, रेस्टोरेंट एवं परचून की दर्जनों दुकानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान तीन मीट की दुकानों, एक रेस्टोरेंट तथा एक परचून की दुकान बिना वैध खाद्य लाइसेंस के संचालित पाई गईं। संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए गए कि खाद्य लाइसेंस प्राप्त करने के पश्चात ही दुकान का संचालन किया जाए।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री रमेश सिंह ने बताया कि यदि निर्धारित समय में निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो संबंधित दुकानों के विरुद्ध न्यायालय में वाद दायर किया जाएगा।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड के स्पष्ट निर्देशों के अनुपालन में जनपद देहरादून में मिलावट एवं अवैध खाद्य कारोबार के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
