नारकोटिक दवाओं के सुरक्षित रखरखाव और नशा मुक्ति पर लालढांग मेडिकल एसोसिएशन की बैठक आयोजित
श्यामपुर। लालढांग मेडिकल एसोसिएशन द्वारा हरिद्वार–नजीबाबाद मार्ग स्थित एक होटल में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य रूप से नारकोटिक एवं अन्य दवाओं के सुरक्षित रखरखाव, सरकारी नियमों के पालन तथा समाज को नशा मुक्त बनाने के संकल्प पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती ने मेडिकल स्टोर संचालकों को नारकोटिक एवं नशीले पदार्थों से संबंधित दवाओं के सुरक्षित भंडारण तथा उनके स्टॉक रजिस्टर को नियमित रूप से अपडेट रखने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अभिलेखों के संधारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी संचालकों को निर्धारित नियमों का पूर्ण पालन करना अनिवार्य है।
इस अवसर पर श्यामपुर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक मनोज रावत ने मेडिकल संचालकों से नशा मुक्ति अभियान में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मेडिकल स्टोर संचालक युवाओं को नशे की लत से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं और समाज को नशा मुक्त बनाने में उनका सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
लालढांग मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज कुमार ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए सभी सदस्यों से चिकित्सा क्षेत्र की गरिमा बनाए रखने तथा नशे के दुरुपयोग के खिलाफ सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
इस अवसर पर डॉ. बी.के. विश्वास, गौतम सिंह, अमरनाथ, सत्यम सैनी, गगन कर्णवाल, मनीष, श्रीकांत, गौरव, अरमान अंसारी सहित क्षेत्र के अनेक मेडिकल स्टोर संचालक उपस्थित रहे।
