देहरादून: आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर क्षेत्रीय दलों की एकता पर जोर
क्षेत्रीय दलों की एकता पर जोर, देहरादून में बैठक कर बनाया “उत्तराखंड क्षेत्रीय दल मंच”
देहरादून, 14 मार्च 2026।
आगामी विधानसभा चुनावों को दृष्टिगत रखते हुए प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रीय दलों ने देहरादून में बैठक कर राजनीतिक रणनीति पर मंथन किया। बैठक में कहा गया कि प्रदेश के आम जनमानस का राष्ट्रीय पार्टियों से मोहभंग हो रहा है, ऐसे में राज्य के मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए क्षेत्रीय दलों की एकजुटता आवश्यक है।
देहरादून के एक होटल में आयोजित इस बैठक में उत्तराखंड समानता पार्टी, राष्ट्रीय रीजनल पार्टी, उत्तराखंड जनअधिकार पार्टी सहित कई क्षेत्रीय संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से “उत्तराखंड क्षेत्रीय दल मंच” के गठन का निर्णय लिया गया। मंच के माध्यम से प्रदेश से जुड़े जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने तथा आगामी विधानसभा चुनावों में समन्वय के साथ आगे बढ़ने की रणनीति बनाई गई।
बैठक में यह भी तय किया गया कि मंच की अगली बैठक जल्द आयोजित की जाएगी, जिसमें संगठनात्मक ढांचा, चुनावी रणनीति और साझा कार्यक्रमों पर आगे चर्चा की जाएगी।
बैठक में उत्तराखंड समानता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजित महाजन, राष्ट्रीय महासचिव शंकर दत्त सती, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीरेन्द्र मण्डी, राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद नोदियाल सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्रीय दलों की एकता से प्रदेश की जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा और आगामी विधानसभा चुनावों में जनता को एक मजबूत विकल्प मिलेगा।
