देहरादून

नवरात्र से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, देहरादून में व्रत के खाद्य पदार्थों के लिए नमूने

देहरादून। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड सचिन कुर्वे तथा जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लगातार अभियान चला रही है।


इसी क्रम में आगामी नवरात्र पर्व को देखते हुए नगर निगम देहरादून क्षेत्र के जोगीवाला और हरिद्वार रोड स्थित प्रतिष्ठानों व मॉल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विशाल मेगा मार्ट से व्रत में उपयोग होने वाले साबूदाना और कच्ची मूंगफली के दो नमूने जांच के लिए लिए गए।
इसके बाद ओएसिस मॉल स्थित रिलायंस जियो मार्ट से व्रत में इस्तेमाल होने वाले मखाने और घी के दो नमूने भी जांच के लिए एकत्र किए गए। निरीक्षण के दौरान दोनों मार्ट में कुट्टू का आटा विक्रय करते हुए नहीं पाया गया।


इस प्रकार खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने साबूदाना, कच्ची मूंगफली, मखाने और घी के कुल चार नमूने लेकर जांच के लिए खाद्य विश्लेषणशाला भेज दिए हैं।
अभियान में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा देहरादून मनीष सयाना और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र रमेश सिंह शामिल रहे। विभाग ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Uma Shankar Kukreti