टिहरी के अंग्रेज सिंह को मिलेगी नई जिंदगी: रोशन रतूड़ी ने आर्टिफिशियल हाथ लगवाने का उठाया जिम्मा
टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के टिहरी जनपद में अमानवीय घटना का शिकार हुए अंग्रेज सिंह के जीवन में अब उम्मीद की किरण जगी है। सामाजिक कार्यकर्ता रोशन रतूड़ी ने अंग्रेज सिंह को आर्टिफिशियल (कृत्रिम) हाथ लगवाने की जिम्मेदारी उठाई है, जिससे वे फिर से सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।
बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के चलते अंग्रेज सिंह के दोनों हाथ उनके ही परिजनों द्वारा काट दिए गए थे। इस दर्दनाक घटना के बाद उनका जीवन पूरी तरह बदल गया और रोजमर्रा के काम करना भी उनके लिए बेहद कठिन हो गया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद सामाजिक कार्यकर्ता रोशन रतूड़ी आगे आए और उन्होंने अंग्रेज सिंह की मदद का बीड़ा उठाया। रतूड़ी ने कहा कि वे अंग्रेज सिंह को आर्टिफिशियल हाथ लगवाने के लिए जरूरी चिकित्सा सहायता और आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे, ताकि वह फिर से आत्मनिर्भर बन सकें।
रोशन रतूड़ी ने यह भी कहा कि समाज में किसी भी पीड़ित व्यक्ति को अकेला नहीं छोड़ा जाना चाहिए और सभी को मिलकर ऐसे लोगों की मदद करनी चाहिए।
उनकी इस पहल को क्षेत्र में सराहा जा रहा है और लोग इसे मानवता की मिसाल बता रहे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि आर्टिफिशियल हाथ लगने के बाद अंग्रेज सिंह अपने जीवन को फिर से नई दिशा दे पाएंगे।
