नैनीताल में गुलदार का आतंक: 55 वर्षीय महिला को बनाया शिकार, क्षेत्र में दहशत
कुछ दिन पहले भी एक महिला को बाघ ने अपना शिकार बनाया था।
नैनीताल। जनपद के भीमताल क्षेत्र स्थित सूर्यागांव के सूर्याजाला निवासी 55 वर्षीय हंसी देवी (पत्नी लाल सिंह सूर्या) को गुलदार ने अपना शिकार बना लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हंसी देवी सुबह घर से चारा लेने जंगल की ओर जा रही थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर अचानक हमला कर दिया और उन्हें जंगल की ओर घसीट ले गया।
परिजनों द्वारा शोर मचाने के बावजूद महिला को बचाया नहीं जा सका। कुछ समय बाद घर से थोड़ी दूरी पर उनका क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं ग्रामीणों में भारी आक्रोश भी देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी भीमताल क्षेत्र में एक अन्य महिला को बाघ ने अपना शिकार बनाया था। लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में भय व्याप्त है और ग्रामीण वन विभाग से ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
