देहरादून में पीएम मोदी के कार्यक्रम से पहले सीएम धामी का सख्त एक्शन मोड, जसवंत ग्राउंड की तैयारियों का लिया जायजा
देहरादून | 12 अप्रैल 2026
पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम से पहले तैयारियों को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग, पेयजल, बिजली और स्वच्छता जैसी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं तय समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं।

निरीक्षण के दौरान सीएम धामी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए और सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए ठोस योजना तैयार करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सेवाओं को पूरी तरह अलर्ट रखने पर जोर दिया।

मंच, दर्शक दीर्घा और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप सभी तैयारियां सुनियोजित और व्यवस्थित तरीके से की जाएं। साथ ही स्वच्छता और सौंदर्यीकरण कार्यों को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम राज्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इसकी सफलता सुनिश्चित करना सभी विभागों की साझा जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय, आईजी राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी सविन बंसल, अपर सचिव बंशीधर तिवारी और एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
