Uttarakhand

रूद्रपुर में अस्मिता वूमेन लीग का धमाकेदार दूसरा दिन, विजेताओं को किया सम्मानित

रूद्रपुर, उधम सिंह नगर। राष्ट्रीय स्तरीय अस्मिता वूमेन लीग 2025-26 का दूसरा दिन रविवार, 3 मई 2026 को शिवालिक बेलोड्रोम में धूमधाम से संपन्न हुआ। साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया और खेलो इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में उत्तराखंड साइक्लिंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में पूरे देश से आईं 249 महिला साइक्लिस्टों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

दूसरे दिन सभी वर्गों के फाइनल मुकाबले खेले गए, जिसमें खिलाड़ियों ने बुलंदियों का परचम लहराया। विजेता खिलाड़ियों को उधम सिंह नगर के सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस उत्तम सिंह नेगी, नजारत उप समाहर्ता जुबैर सक्सेना, उत्तराखंड ओलंपिक संघ की महासचिव आकांक्षा निगम, डीके सिंह और जिला खेल पदाधिकारी जानकी कार्की ने संयुक्त रूप से सम्मानित किया। इस अवसर पर उत्तराखंड साइक्लिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष विमल चौधरी, महासचिव दिवेश पांडे, संयुक्त सचिव विजय पाठक के अलावा CFI के संयुक्त सचिव शैलेंद्र पाठक, नीरज तंवर समेत अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। उन्होंने विजेताओं का हौसला बढ़ाया।

प्रतियोगिता के सफल संचालन में तमिलनाडु से तकनीकी अध्यक्ष एम गायत्री, दिल्ली से रेस डायरेक्टर विजय नारायण सिंह और दर्जनों तकनीकी अधिकारियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। विभिन्न वर्गों में देशभर की महिला साइक्लिस्टों ने शानदार प्रदर्शन कर पदक जीते। ओवरऑल ईस्ट जोन चैंपियनशिप सहित सभी वर्गों में ईस्ट जोन ने बाजी मारी।यह दो दिवसीय आयोजन महिला साइक्लिंग को नई ऊंचाइयों पर ले गया, जो खेलो इंडिया की पहल को मजबूत करता है।

Shubham Mishra