देहरादूनरुड़की

केदारनाथ यात्रा से लौट रही महिला नंदा देवी एक्सप्रेस से लापता, 40 घंटे बाद भी सुराग नहीं; लक्सर स्टेशन के CCTV बंद मिलने पर हंगामा

उत्तराखंड के लक्सर में उस समय हड़कंप मच गया, जब देहरादून से गाजियाबाद जा रही नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन से एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। घटना के 40 घंटे बाद भी महिला का कोई सुराग नहीं लग पाया है। वहीं, परिजनों ने लक्सर रेलवे स्टेशन पर लगे अधिकांश सीसीटीवी कैमरों के बंद होने का गंभीर आरोप लगाते हुए रेलवे प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र निवासी 29 वर्षीय महिला अपने पति के साथ केदारनाथ धाम के दर्शन कर लौट रही थीं। दोनों 5 मई 2026 को देहरादून से नंदा देवी एक्सप्रेस में सवार होकर गाजियाबाद जा रहे थे। बताया जा रहा है कि रात करीब 12 बजे बहादुरपुर आउटर और लक्सर रेलवे क्षेत्र के बीच महिला अचानक ट्रेन से लापता हो गई।
परिजनों के मुताबिक महिला के मोबाइल की आखिरी लोकेशन लक्सर के आसपास मिली है। घटना के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। पति और अन्य यात्रियों ने ट्रेन में काफी तलाश की, लेकिन महिला का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद लक्सर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
सूचना मिलते ही लक्सर पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की टीमें सक्रिय हो गईं। रेलवे ट्रैक, आसपास के इलाके, होटल और अस्पतालों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन अब तक महिला का कोई सुराग नहीं मिला है।
मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। परिजनों का आरोप है कि स्टेशन पर लगे ज्यादातर कैमरे बंद पड़े मिले, जिसके चलते महिला की गतिविधियों से जुड़ा कोई अहम फुटेज नहीं मिल पाया। इस मुद्दे को लेकर परिजनों की लक्सर स्टेशन अधीक्षक केआर मीना से तीखी बहस भी हुई।
परिजनों ने सवाल उठाया कि चारधाम यात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालु रेलवे मार्ग से सफर कर रहे हैं, ऐसे में स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था आखिर भगवान भरोसे क्यों छोड़ दी गई है? उनका कहना है कि यदि कैमरे चालू होते तो महिला की तलाश में बड़ी मदद मिल सकती थी।
लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि महिला की गुमशुदगी दर्ज कर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। रेलवे स्टेशन और आसपास के उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा हर संभावित पहलू पर जांच जारी है।

Uma Shankar Kukreti