देहरादून : भाजपा सक्षम समाज से समर्थ राष्ट्र निर्माण का अनंत आंदोलन — मनवीर चौहान
देहरादून में आयोजित भाजपा महानगर प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सक्षम समाज से समर्थ राष्ट्र निर्माण का अनंत आंदोलन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि समाज का विश्वास जीतना भी होना चाहिए।

पटेल नगर में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग में उन्होंने बदलते समय में मीडिया और सोशल मीडिया की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन जरूर है, लेकिन इसकी मूल पहचान एक व्यापक सामाजिक संगठन की भी है। जब पार्टी चुनावी राजनीति में मजबूत नहीं थी, तब भी उसके कार्यकर्ता समाज में जागरूकता और समन्वय का कार्य करते रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, लेकिन विपक्ष और कुछ नकारात्मक ताकतें जनता का भाजपा और विकसित भारत के प्रति विश्वास तोड़ने का प्रयास कर रही हैं। ऐसे समय में सरकार की योजनाओं और सकारात्मक कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना बेहद जरूरी है।
मनवीर चौहान ने कहा कि वर्तमान दौर में मीडिया और सोशल मीडिया संवाद का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुके हैं। फेसबुक, व्हाट्सऐप, इंस्टाग्राम, एक्स और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म्स ने संवाद की शक्ति को कई गुना बढ़ा दिया है, लेकिन इसके साथ जिम्मेदारी भी बढ़ी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से डिजिटल अनुशासन का पालन करने और संयमित भाषा का प्रयोग करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि एक गलत सूचना समाज में भ्रम फैला सकती है और असंयमित भाषा संगठन की छवि को नुकसान पहुंचा सकती है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन का संवाद दूत बनकर सत्य, सकारात्मकता और राष्ट्रहित के संदेश को समाज तक पहुंचाना चाहिए।
उन्होंने मीडिया को लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ बताते हुए कहा कि मीडिया से स्वस्थ संबंध बनाना और तथ्यात्मक जानकारी साझा करना बेहद आवश्यक है। अफवाहों के दौर में सत्य और संयम ही सबसे बड़ी ताकत है।
#Dehradun #BJP #ManveerSinghChauhan #Uttarakhand #Media #SocialMedia #BJPTraining #UttarakhandNews
