20 हजार के इनामी भूमि धोखाधड़ी आरोपी प्रदीप सकलानी से पूछताछ में कई संदिग्धों के नाम आए सामने
देहरादून; 20 हज़ार का इनामी अभियुक्त प्रदीप सकलानी, जिसे रायपुर थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया था, वर्तमान में न्यायिक अभिरक्षा में जेल में निरुद्ध है। अभियुक्त के विरुद्ध जनपद के विभिन्न थानों में भूमि संबंधी धोखाधड़ी के 26 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि दो दर्जन से अधिक चेक बाउंस के मामले विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन हैं।
प्रदीप सकलानी नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के तीन तथा रायपुर थाना क्षेत्र के एक भूमि धोखाधड़ी मामले में वांछित चल रहा था। पूछताछ के दौरान अभियुक्त द्वारा कई संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में जानकारी दी गई, जिन पर धोखाधड़ी में सहयोग करने तथा पुलिस कार्रवाई से बचाने एवं मामलों को रफा-दफा कराने में संपर्क बनाए रखने के आरोप हैं।
इसी क्रम में पुलिस द्वारा संबंधित संदिग्ध व्यक्तियों को लगातार पूछताछ हेतु थाने बुलाया जा रहा है। कार्रवाई के तहत हेम भट्ट, जिनका नाम अभियुक्त प्रदीप सकलानी ने पूछताछ में बताया, उन्हें भी संदिग्धता के आधार पर पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है, जिनसे वर्तमान में पूछताछ जारी है।
