Uttarakhand

बकरीद पर खुले में पशु बलि रोकने की मांग; महापौर ने सख्ती का भरोसा

रूद्रपुर। आगामी बकरीद को लेकर शहर में खुले में पशु बलि रोकने और स्वच्छता बनाए रखने की मांग तेज हो गई है। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, ब्राह्मण महासभा सहित कई हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने नगर महापौर विकास शर्मा से उनके कार्यालय में मुलाकात करके ज्ञापन सौंपा और त्योहार के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर पशु बलि, मांस काटने व अवशेष नालियों में बहाने पर सख्त रोक लगाने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पिछले वर्षों में कई स्थानों पर खुले आम पशु बलि और उसके अवशेष सार्वजनिक स्थलों व नालियों में फेंके जाने की घटनाएं हुई हैं, जिनसे स्वच्छता भंग होने के साथ-साथ आमजन की धार्मिक भावनाएं भी आहत होती हैं। उन्होंने आगे बताया कि खुले में पड़े अवशेष और खून नालियों में बहने से जनस्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है और संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए नगर निकाय, प्रशासन और पुलिस को मिलकर इस पर कड़ी निगरानी और कार्रवाई करनी चाहिए।

ज्ञापन में प्रतिनिधियों ने उच्च न्यायालय के स्पष्ट निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि न्यायालय ने सार्वजनिक स्थानों पर पशु बलि और अवशेष खुले में फेंकने पर रोक लगाई है, फिर भी नियमों की अनदेखी की घटनाएं सामने आती हैं। संगठनों ने आग्रह किया कि नगर निगम और पुलिस संयुक्त अभियान चलाकर नियमों के उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें और त्योहार पर सामाजिक सौहार्द बनाये रखा जाए।

महापौर विकास शर्मा ने प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि न्यायालय के आदेशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा और शहर में किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम जल्द ही खुले में मांस काटने, पशु अवशेषों के निस्तारण तथा सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता को लेकर एक विस्तृत एसओपी जारी करेगा और संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कदम उठाये जाएंगे।

मुलाकात में विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री राजेन्द्र सिंह मेहरा, जिला धर्म प्रसार प्रमुख सुलतान, प्रखंड मंत्री सुदेव दास गुप्ता, प्रखंड संयोजक प्रिंस कोली, ब्राह्मण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश वशिष्ठ, प्रदेश उपाध्यक्ष संदीप मिश्रा, छात्र नेता चंदन भट्ट, अभिषेक दास गुप्ता, आशीष यादव तथा अभिनव चंद समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Shubham Mishra