24 घंटे चलेंगे हीट स्ट्रोक वार्ड, आशा कार्यकर्ताओं को मिलेगा प्रशिक्षण: सीएमओ
गर्मी-लू से निपटने को सीएमओ सख्त
दवाओं-आईवी फ्लूइड का स्टॉक रखने के निर्देश
रुद्रपुर । भीषण गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के. के. अग्रवाल ने सभी चिकित्सा इकाइयों को वर्चुअल माध्यम से सख्त निर्देश जारी किए हैं। जिला अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी में 24 घंटे ‘हीट स्ट्रोक वार्ड’ चलाने को कहा गया है।
सीएमओ ने निर्देश दिए कि सभी वार्डों में एसी, कूलर व पंखों की निर्बाध व्यवस्था रहे। रिंगर लैक्टेट, ओआरएस समेत जरूरी आईवी फ्लूइड और जीवन रक्षक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक हर समय उपलब्ध रखा जाए। उन्होंने सभी ब्लॉक प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि आशा कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दें, ताकि वे क्षेत्र में हीट स्ट्रोक के शुरुआती लक्षण पहचान कर मौके पर प्राथमिक उपचार दे सकें। अस्पतालों के वेटिंग एरिया में एसी/कूलर चलाने और शुद्ध ठंडे पेयजल की व्यवस्था अनिवार्य की गई है।सीएमओ ने जनता से अपील की कि दोपहर में अनावश्यक बाहर न निकलें, सूती कपड़े पहनें और पानी की कमी न होने दें। आपात स्थिति में नजदीकी सरकारी अस्पताल से संपर्क करें।इसके अलावा राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन, मातृ स्वास्थ्य एवं गैर संचारी रोग कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
