रूद्रपुर को नई पहचान दिलाने की दिशा में भव्य त्रिशूल अहम पहल: बत्रा
रूद्रपुर। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने मंगलवार को त्रिशूल चौक पहुंचकर वहां स्थापित भव्य त्रिशूल का अवलोकन किया। मंत्री ने त्रिशूल पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और महापौर विकास शर्मा द्वारा रूद्रपुर को सांस्कृतिक व आध्यात्मिक पहचान दिलाने के इस प्रयास की सराहना की।
भाषण में मंत्री बत्रा ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड अपनी धार्मिक व सांस्कृतिक विरासत के लिए पूरे देश में विशेष पहचान रखती है। शहरों के विकास के साथ-साथ उनकी संस्कृति व पहचान को मजबूत करना भी आवश्यक है। रूद्रपुर में भव्य त्रिशूल की स्थापना इसी सोच को आगे बढ़ाने वाली पहल है, जिससे नगर की सांस्कृतिक पहचान को मजबूती मिलेगी।
मंत्री बत्रा ने महापौर विकास शर्मा के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि रूद्रपुर तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। शहर को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के साथ-साथ इसकी आध्यात्मिक व सांस्कृतिक छवि को उजागर करने के लिए कराए जा रहे कार्यों को सरकार भी समर्थन देगी। उन्होंने कहा कि रूद्रपुर का नाम भगवान रूद्र से जुड़ा है, इसलिए इसे भगवान शिव की नगरी के रूप में पहचान दिलाने के लिए भविष्य में भी इसी प्रकार के कदम उठाए जाने चाहिए।इस अवसर पर प्रदीप बत्रा ने महापौर विकास शर्मा को आश्वस्त किया कि रूद्रपुर की प्रगति व विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने में सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
कार्यक्रम से पहले कैबिनेट मंत्री का नगर निगम कार्यालय पर महापौर विकास शर्मा व अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने जोरदार स्वागत किया। महापौर ने उन्हें स्मृति स्वरूप डमरू भेंट किया। इस दौरान शहर के विकास और आगामी योजनाओं को लेकर भी चर्चा हुई।सभा में विधायक शिव अरोरा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, अमित नारंग, सुनील ठुकराल, राजन राठौर, उपेन्द्र चौधरी सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
