अखिल भारतीय पुरोहित महासंघ की उत्तराखंड इकाई का गठन, रमेश लेखवार बने प्रदेश अध्यक्ष, उदित पांडेय को मिली महामंत्री की जिम्मेदारी
देहरादून। अखिल भारतीय पुरोहित महासंघ ने उत्तराखंड राज्य में संगठन के विस्तार और पुरोहित समाज को संगठित करने के उद्देश्य से प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया है। महासंघ ने मां सुरकंडा मंदिर के पुजारी रमेश लेखवार को उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष तथा उदित पांडेय को प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया है।
महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित लक्ष्मण आर्य एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता मोनू पंडित के अनुमोदन के उपरांत उत्तराखंड प्रदेश कार्यकारिणी के गठन संबंधी नियुक्ति पत्र जारी किए गए।
प्रदेश कार्यकारिणी में राजीव थपलियाल को प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष, नवीन आर्य को प्रदेश उपाध्यक्ष, प्रमोद कुमार शर्मा एवं अंकित नैथानी को प्रदेश मंत्री नियुक्त किया गया है।
इसके अतिरिक्त महेंद्र सिंह राणा को प्रदेश मीडिया प्रभारी, उमाशंकर कुकरेती को प्रदेश सह मीडिया प्रभारी तथा डॉ. स्वामी एस. चंद्रा को प्रदेश प्रवक्ता का दायित्व सौंपा गया है।
नवनियुक्त प्रदेश प्रवक्ता डॉ. स्वामी एस. चंद्रा ने कहा कि अखिल भारतीय पुरोहित महासंघ सनातन संस्कृति, पुरोहित समाज और समस्त सनातनियों के हितों की रक्षा एवं उत्थान के लिए निरंतर कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित “ऑपरेशन कालनेमि” को महासंघ का पूर्ण समर्थन है और इस अभियान को सफल बनाने में संगठन हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने महासंघ के राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए उत्तराखंड में संगठन को मजबूत बनाने, पुरोहित समाज की समस्याओं के समाधान तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।
