वन विभाग की योजनाओं की समीक्षा, वन मंत्री ने दिए सख्त निर्देश
देहरादून। वन मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में राज्य वन मुख्यालय में वन विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वृक्षारोपण, जड़ी-बूटी रोपण, वनाग्नि प्रबंधन, हक-हकूक वितरण, महिला नर्सरियों के सुदृढ़ीकरण, निजी भूमि पर वृक्ष पातन, लीसा उत्पादन, वन पंचायतों के सशक्तिकरण और मानव-वन्यजीव संघर्ष सहित विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
योजनाओं का पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें
वन मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागीय योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वन संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय समुदायों की आजीविका और जनहित से जुड़ी योजनाओं को मजबूती से आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
हक-हकूक आवंटन और ग्रीन क्रेडिट पर रहेगा फोकस
बैठक में बताया गया कि उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप 32 हजार घनमीटर हक-हकूक प्रकाष्ठ का प्रभागवार आवंटन किया जा चुका है। इस पर वन मंत्री ने नियमित समीक्षा करने और इस व्यवस्था को ग्रीन क्रेडिट जैसी नवाचार आधारित पहलों से जोड़ने के निर्देश दिए।
वन पंचायतों और निजी भूमि पर वृक्ष पातन को मिलेगा बढ़ावा
समीक्षा बैठक में वन पंचायतों के माध्यम से संचालित जड़ी-बूटी योजना में संशोधन, वन पंचायत प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना तथा नाबार्ड एवं केंद्र सरकार के सहयोग से वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। साथ ही निजी भूमि पर वृक्ष पातन संबंधी नियमों को सरल बनाने और उनका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए।
वनाग्नि नियंत्रण और मानव-वन्यजीव संघर्ष पर विशेष जोर
वन मंत्री ने कैम्पा परियोजनाओं, वनाग्नि नियंत्रण, हाई-एल्टीट्यूड ट्रैक विकास तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम के लिए तैयार की जा रही कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रभावी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हरेला पर होगा प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण अभियान
वन मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया कि आगामी हरेला पर्व के अवसर पर पूरे प्रदेश में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत गढ़वाल जोन में 3,116 हेक्टेयर क्षेत्र में लगभग 21 लाख तथा कुमाऊँ क्षेत्र में 4,000 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में 38 लाख से अधिक पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने जनसहभागिता के साथ इस अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
