बीएलओ से अभद्रता का आरोप, आंगनबाड़ी संगठन ने एसडीएम और कोतवाली में की शिकायत
कोटद्वार, 28 जुलाई। आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका/मिनी कर्मचारी संगठन, उत्तराखंड ने एक महिला बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) के साथ कथित अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में उपजिलाधिकारी कोटद्वार को ज्ञापन सौंपा तथा कोतवाली में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
संगठन का आरोप है कि 27 जुलाई की शाम मतदाता विशेष पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत नोटिस देने गई महिला बीएलओ के साथ गाली-गलौज की गई, धक्का देकर गिराया गया तथा सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई।
आंगनबाड़ी संगठन ने इस घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने, पीड़ित बीएलओ को सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
इस संबंध में संगठन की अध्यक्ष बसंती रावत ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों के साथ इस तरह का व्यवहार अस्वीकार्य है। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की।

