देहरादून

सैन्य धाम के शेष कार्य जल्द पूरे करें, लोकार्पण की तैयारियां समयबद्ध हों : गणेश जोशी

देहरादून, 28 जुलाई। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को अपने कैंप कार्यालय में सैनिक कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक कर विभागीय योजनाओं एवं लंबित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सैन्य धाम के अंतिम चरण के सभी निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण किए जाएं तथा इसके लोकार्पण से संबंधित तैयारियां और कार्यक्रम की रूपरेखा निर्धारित समय सीमा के भीतर तैयार की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रस्तावित प्रदेश स्तरीय लोकार्पण कार्यक्रम की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।

बैठक के दौरान मंत्री ने सचिव सैनिक कल्याण को मुख्यमंत्री घोषणाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रदेश के सभी सैनिक विश्राम गृहों के जीर्णोद्धार की कार्ययोजना तैयार करने तथा भर्ती पूर्व प्रशिक्षण के लिए प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने हेतु उपयुक्त स्थानों का चयन करने को कहा।

उन्होंने हल्द्वानी में सैनिकों के बच्चों के लिए प्रस्तावित 150 कक्षों वाले आधुनिक छात्रावास के निर्माण हेतु शीघ्र वैकल्पिक भूमि चिन्हित करने के निर्देश भी दिए, ताकि परियोजना में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।

बैठक में सचिव सैनिक कल्याण युगल किशोर पंत, अपर सचिव एवं निदेशक सैनिक कल्याण श्याम सिंह, प्रबंध निदेशक उपनल ब्रिगेडियर जे.ए.एस. बिष्ट सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।