यमकेश्वर के देवराना गांव में गुलदार के हमले में महिला घायल, ग्रामीणों में दहशत
यमकेश्वर (पौड़ी गढ़वाल), 28 जुलाई। यमकेश्वर प्रखंड के ग्राम देवराना में गुलदार के हमले में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला की पहचान प्रमिला देवी, पत्नी मनोज कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, प्रमिला देवी घर के समीप बकरियां चरा रही थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने बकरियों पर हमला करने के बजाय सीधे महिला पर झपट्टा मार दिया और उनके पैरों पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला और आसपास मौजूद लोगों के शोर मचाने पर गुलदार जंगल की ओर भागा, जिससे उनकी जान बच सकी।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो सप्ताह में गुलदार गांव की तीन बकरियों के अलावा एक गाय और बैल को भी अपना शिकार बना चुका है। कुछ दिन पहले भी इसी गांव की एक अन्य महिला पर गुलदार ने हमला कर उसे घायल कर दिया था। मामले की सूचना ग्राम प्रधान, जिला पंचायत सदस्य तथा वन विभाग के अधिकारियों को दी गई थी।
वन विभाग की टीम ने गांव में ट्रैप कैमरे लगाए हैं, लेकिन अभी तक गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा नहीं लगाया गया है। इससे ग्रामीणों में भारी रोष और भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रहे हमलों के कारण बच्चों और बुजुर्गों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है, जबकि स्कूली बच्चों को भी अभिभावकों को स्वयं स्कूल छोड़ने और लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
घायल महिला का प्राथमिक उपचार गांव के समीप एक निजी क्लिनिक में कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र किमसार में पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें समुचित उपचार नहीं मिल सका।
ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल गुलदार को पकड़ने, प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने तथा क्षेत्र में मानव और पशुओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
