कोटद्वार

समाजसेवी प्रकाश चंद्र कोठारी का जन्मदिवस ‘नशामुक्ति दिवस’ के रूप में मनाया, युवाओं को नशे से दूर रहने का लिया संकल्प

कोटद्वार/देहरादून, 30 जुलाई। उत्तराखंड विकास नागरिक विचार मंच एवं डू समथिंग सोसायटी द्वारा समाजसेवी एवं शिक्षाविद श्री प्रकाश चंद्र कोठारी का जन्मदिवस गुरुवार को गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी ‘नशामुक्ति दिवस’ के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और संस्कारयुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।


इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड सहित पूरे देश में युवाओं के बीच बढ़ती नशे की प्रवृत्ति गंभीर चिंता का विषय है। ऐसे समय में यह संतोषजनक है कि भारत सरकार भी इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जागरूकता और नियंत्रण के लिए प्रयास कर रही है। हाल के दिनों में राष्ट्रीय स्तर पर भी इस दिशा में पहल की चर्चा सामने आई है, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश गया है।


कार्यक्रम में बताया गया कि श्री प्रकाश चंद्र कोठारी पिछले कई वर्षों से “शिक्षा ही नहीं, संस्कार भी चाहिए” तथा “नशा मुक्त उत्तराखण्ड, संस्कार युक्त उत्तराखण्ड” के संदेश के साथ जन-जागरूकता अभियान चला रहे हैं। उन्होंने समय-समय पर प्रधानमंत्री, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री एवं शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखकर इस विषय में ठोस कदम उठाने की मांग की है। उनके सुझावों में विद्यालयों और महाविद्यालयों में नशामुक्ति पर गोष्ठियां, भाषण प्रतियोगिताएं, शपथ ग्रहण कार्यक्रम और जनजागरूकता अभियान चलाने पर विशेष बल दिया गया है।
डू समथिंग सोसायटी द्वारा प्रधानमंत्री को भेजे गए पत्र में देश की युवा शक्ति को नशे के बढ़ते खतरे से बचाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक अभियान चलाने की मांग की गई थी। पत्र में कहा गया कि भारत की बड़ी आबादी युवा है और यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो यह समस्या भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बन सकती है। संस्था ने शिक्षा संस्थानों को नशामुक्ति अभियान का प्रमुख केंद्र बनाने का भी सुझाव दिया।


कार्यक्रम में वक्ताओं ने बताया कि इस अभियान को आगे बढ़ाने में जमनालाल बजाज राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित सर्वोदय सेवक स्वर्गीय श्री मान सिंह रावत, वरिष्ठ अधिवक्ता श्री जगमोहन भारद्वाज, दिवंगत समाजसेवी श्री सत्य प्रकाश थपलियाल सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहा है। वर्तमान में श्री सुभाष नौटियाल भी इस जन-जागरण अभियान को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
जन्मदिवस के अवसर पर एमकेवीएन एजुकेशनल ग्रुप की तीनों शाखाओं में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। वहीं ग्रामीण विकास मंच के सहयोग से विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए नशामुक्ति विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने नशे के दुष्प्रभाव और संस्कारों के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
आयोजकों ने बताया कि कुछ समय पूर्व समाजसेवी स्वर्गीय सत्य प्रकाश थपलियाल के निधन के कारण उनकी स्मृति का सम्मान करते हुए इस वर्ष किसी प्रकार का केक कटिंग या औपचारिक जन्मदिन समारोह आयोजित नहीं किया गया। कार्यक्रम पूरी सादगी के साथ समाज सेवा और जनजागरूकता को समर्पित रहा।
अंत में सभी उपस्थित लोगों ने युवाओं को नशे से दूर रखने, परिवारों में संस्कारों को बढ़ावा देने तथा “नशा मुक्त उत्तराखण्ड, संस्कार युक्त उत्तराखण्ड” के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।