एमडीडीए की नई पहल: हर महीने दो बार लगेगा ‘समाधान दिवस’, अधिकारी सुनेंगे जनता की शिकायतें
*अब सीधे अफसरों के सामने रखिए अपनी बात, एमडीडीए में हर महीने दो बार लगेगा ‘समाधान दिवस’*
*जनता की शिकायतों पर होगी तय समय में कार्रवाई : बंशीधर तिवारी
📍देहरादून | उत्तराखंड केसरी
मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने आम नागरिकों की शिकायतों और सुझावों के त्वरित निस्तारण के लिए नई व्यवस्था लागू की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में अब प्रत्येक माह के प्रथम एवं अंतिम सोमवार को प्राधिकरण मुख्यालय में “समाधान दिवस” आयोजित किया जाएगा।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने बताया कि समाधान दिवस के दौरान नागरिक सीधे अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं और सुझाव रख सकेंगे। सभी शिकायतों का नियमानुसार परीक्षण कर उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक प्रकरण की नियमित समीक्षा होगी।
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि समाधान दिवस सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक प्राधिकरण मुख्यालय, देहरादून में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों के माध्यम से तय समय सीमा के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्राधिकरण के अनुसार, भवन मानचित्र स्वीकृति, अवैध निर्माण, भूमि संबंधी विवाद, विकास कार्यों और अन्य प्रशासनिक समस्याओं से जुड़े मामलों में अब नागरिकों को एक निश्चित मंच मिलेगा, जहां उनकी शिकायतों पर सीधे सुनवाई होगी।
एमडीडीए ने नागरिकों से अपील की है कि वे समाधान दिवस का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और निर्धारित तिथि एवं समय पर अपनी शिकायतें एवं सुझाव प्रस्तुत करें, ताकि उनका पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
