Uttarakhandदेहरादून

‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने की तैयारियां तेज, 9 अगस्त की तिरंगा यात्रा में अधिक भागीदारी का आह्वान

 

मसूरी विधानसभा में हुई बैठक, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी रहे मौजूद, स्व. ब्रह्म किशोर शर्मा को दी श्रद्धांजलि

देहरादून, 06 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से मसूरी विधानसभा के श्रीदेव सुमन नगर मंडल में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों एवं तिरंगा यात्रा की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, भाजपा नेत्री सुनीता बौड़ाई विद्यार्थी समेत कई कार्यकता भी उपस्थित रहे।

बैठक प्रारंभ होने से पूर्व धोरण वार्ड (बूथ संख्या-25) के कर्मठ एवं समर्पित बूथ अध्यक्ष स्व. ब्रह्म किशोर शर्मा की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

बैठक में कार्यकर्ताओं से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में स्वयं तथा क्षेत्रवासियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। साथ ही 9 अगस्त को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में आयोजित होने वाली विशाल तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई।

बैठक में कहा गया कि प्रत्येक नागरिक अपने घर, संस्थान एवं प्रतिष्ठान पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर देशभक्ति के इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाए और इसे ऐतिहासिक सफलता प्रदान करे।