बस चालक को थार से कुचलने का प्रयास करने वाला आरोपी गिरफ्तार

देहरादून, 20 अगस्त। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायवाला पुलिस ने बस चालक को थार वाहन से कुचलने का प्रयास करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त थार वाहन भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त 2026 को स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय, जौलीग्रांट की बस संख्या UK-07-PA-6552 विद्यार्थियों और दो महिला स्टाफ को लेकर हरिद्वार जा रही थी। नेपाली फार्म के पास एक काले रंग की थार संख्या UK-06-BD-0070 का चालक बस के आगे-पीछे वाहन चलाता रहा।
मोतीचूर फ्लाईओवर पर बस चालक ने थार चालक से इस संबंध में पूछताछ की। आरोप है कि इसी दौरान थार चालक ने तैश में आकर जान से मारने की नीयत से बस चालक के ऊपर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक बस चालक को कुछ दूरी तक घसीटा गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। इस दौरान थार की एक मारुति सियाज कार संख्या UK-15-5223 से भी टक्कर हो गई और आरोपी मौके से फरार हो गया।
मामले में वादिनी श्रीमती प्राची शर्मा की तहरीर पर कोतवाली रायवाला में मु0अ0सं0 135/2026, धारा 109(1)/324(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मेरठ और दिल्ली में दबिश
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर रायवाला पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की। पुलिस टीमों ने आरोपी की तलाश में मेरठ और दिल्ली में दबिश दी तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी ऋषिकेश कोर्ट में आत्मसमर्पण करने के लिए आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने 19 अगस्त 2026 को गुरु नानक ढाबा, बहादराबाद तिराहा से आरोपी देव चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त थार वाहन भी बरामद किया गया।
पूछताछ में बताई घटना की वजह
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि थार वाहन उसके पिता के दोस्त संदीप कुमार के नाम पंजीकृत है और वह वर्ष 2022 से इसे चला रहा है।
आरोपी के अनुसार, 13 अगस्त को वह अपने दोस्त मानव चौहान के साथ नेपाली फार्म के पास था। वहां जौलीग्रांट कॉलेज की बस दिखाई दी, जिसमें उसकी एक परिचित लड़की थी। इसके बाद वह थार से बस के आगे-पीछे चलने लगा। मोतीचूर फ्लाईओवर पर बस रुकने के बाद बस में सवार कुछ लोगों के नीचे उतरकर उससे कहासुनी हुई। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह गुस्से में आ गया और उसने वाहन आगे बढ़ा दिया। इसी दौरान बस चालक को टक्कर लगी तथा आगे चल रही सियाज कार भी थार की चपेट में आ गई।
घटना के बाद आरोपी थार को अपने घर न्यू शिवालिक नगर में खड़ा कर पुलिस से बचने के लिए मेरठ स्थित रिश्तेदारी में चला गया था। बाद में वह ऋषिकेश कोर्ट में आत्मसमर्पण करने के लिए आ रहा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
देव चौधरी पुत्र गुड्डू चौधरी उर्फ विकास चौधरी, निवासी गली नंबर 07, टिहरी विस्थापित कॉलोनी, न्यू शिवालिक नगर, थाना रानीपुर, हरिद्वार। आरोपी की उम्र 20 वर्ष है।
बरामदगी
- घटना में प्रयुक्त थार कार संख्या UK-06-BD-0070
पुलिस टीम
- उ0नि0 रघुबीर कपरवान
- हे0का0 राजीव यादव
- का0 दीपक कुमार
- का0 विकास कुमार
पुलिस के अनुसार मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
