छिद्दरवाला में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, बेसन और सरसों तेल के नमूने लिए
देहरादून। आम उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड की ओर से जनपद देहरादून में लगातार निरीक्षण एवं जांच की कार्रवाई की जा रही है।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड श्री विनय शंकर पांडेय के आदेश तथा जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान के निर्देशों के क्रम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ऋषिकेश श्री संतोष कुमार सिंह ने छिद्दरवाला स्थित रामू पकौड़े की किचन का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारकर्ता को किचन में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर रखने तथा पेस्ट कंट्रोल से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। हालांकि निरीक्षण के दौरान किचन वर्करों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट, NABL वाटर टेस्ट रिपोर्ट तथा RUCO का बिल उपलब्ध पाया गया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर संदेह के आधार पर बेसन एवं सरसों के तेल के दो विधिक नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। दोनों नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
