Crimeदेहरादून

पटेलनगर फायरिंग मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, एक आरोपी कार समेत गिरफ्तार

देहरादून, 20 अगस्त 2026। पटेलनगर क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना के पीछे पूर्व में कॉलेज में हुआ विवाद सामने आया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

पुलिस को 20 अगस्त को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि स्विफ्ट कार सवार कुछ युवकों ने पटेलनगर क्षेत्र में फायरिंग की है, जिसमें एक युवक घायल हुआ है। सूचना मिलते ही पटेलनगर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।

घायल युवक साहिल को उसके साथियों द्वारा उपचार के लिए महंत इंद्रेश अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के संबंध में साहिल के साथी अंशुल पुत्र शिवकुमार, निवासी शिकारपुर, मंगलौर ने पुलिस को तहरीर दी।

तहरीर के अनुसार, अंशुल और उसके साथी आदित्य व सुजल का गुरमीत नाम के युवक से पूर्व में विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते गुरमीत ने अपने साथियों अमन, रोहित और एक अन्य युवक के साथ मिलकर उन पर फायरिंग की, जिसमें साहिल गोली लगने से घायल हो गया।

तहरीर के आधार पर कोतवाली पटेलनगर में तत्काल मु0अ0सं0 544/26, धारा 109/3(5)/352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

चंद घंटों में आरोपी गिरफ्तार

घटना की गंभीरता को देखते हुए कंट्रोल रूम के माध्यम से जनपद के सभी थानों और सीमावर्ती चेक पोस्टों को संदिग्ध कार सवारों के संबंध में अलर्ट किया गया। इसी दौरान पूरे जनपद में चल रहे सघन चेकिंग अभियान के बीच पुलिस ने नया गांव बैरियर पर चेकिंग के दौरान घटना में शामिल आरोपी रोहित को घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार सहित गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि गुरमीत का आदित्य, सुजल और उनके साथियों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आज आईटीएस कॉलेज वाली रोड पर गुरमीत ने अपने साथियों के साथ फायरिंग की। मौके पर लोगों के एकत्र होने पर आरोपी स्विफ्ट कार से वहां से फरार हो गए।

पुलिस के मुताबिक, आदित्य और उसके साथियों ने मोटरसाइकिल से उनका पीछा किया। इसी दौरान शिमला बाईपास रोड स्थित सेंट ज्यूडस चौक के पास गुरमीत ने दोबारा फायरिंग की, जिसमें आदित्य का साथी साहिल गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

गिरफ्तार आरोपी

रोहित पुत्र प्रदीप सिंह, निवासी ग्राम दलेड़ी, थाना बड़गांव, जनपद सहारनपुर, उत्तर प्रदेश। वर्तमान में सुभारती कॉलेज, देहरादून में होटल मैनेजमेंट का छात्र बताया गया है।

बरामदगी

  • घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार संख्या HR-51-AZ-0890