Crimeदेहरादून

भागवत कथा में महिलाओं की चेन चोरी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह गिरफ्तार

देहरादून, 20 अगस्त 2026। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में दून पुलिस ने चोरी की घटनाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब के पटियाला के चर्चित समाना गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने भागवत कथाओं और धार्मिक आयोजनों में महिलाओं को निशाना बनाकर चेन चोरी करने वाले गिरोह के दो महिलाओं समेत चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई तीन पीली धातु की चेन, 10 हजार रुपये की नकदी, चेन काटने वाला कटर और घटना में प्रयुक्त होंडा सिटी कार बरामद की गई है।

भागवत कथा में महिलाओं को बनाते थे निशाना

मामला 10 अगस्त 2026 का है। कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र के जीएमएस रोड स्थित एक होटल में आयोजित भागवत कथा के दौरान चार महिलाओं के गले से चेन और मंगलसूत्र चोरी होने की घटनाएं सामने आई थीं। पीड़ित महिलाओं की तहरीर पर पटेलनगर कोतवाली में चोरी के तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे।

एक ही आयोजन स्थल पर हुई लगातार चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ सीसीटीवी फुटेज खंगाली और पीड़ितों एवं कार्यक्रम में मौजूद लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों के हुलिए की जानकारी जुटाई।

जांच के दौरान पुलिस को इन घटनाओं में पंजाब के पटियाला क्षेत्र के एक चर्चित चैन चोर गिरोह के शामिल होने की जानकारी मिली। पुलिस ने गिरोह के संबंध में गोपनीय तरीके से जानकारी जुटाते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

दूसरी वारदात की फिराक में लौटे थे देहरादून

पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि गिरोह के कुछ सदस्य दोबारा देहरादून लौटे हैं और किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया और हरिद्वार बायपास रोड से गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से भागवत कथा के दौरान चोरी की गई चेन बरामद हुईं।

सोशल मीडिया और यूट्यूब से तलाशते थे धार्मिक आयोजन

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे मूल रूप से पंजाब के पटियाला जिले के समाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया और यूट्यूब के माध्यम से अलग-अलग स्थानों पर आयोजित होने वाली भागवत कथाओं की जानकारी जुटाते थे।

इसके बाद गिरोह के सदस्य, जिनमें अधिकांश महिलाएं होती थीं, धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं के बीच शामिल हो जाते थे। भजन-कीर्तन में शामिल होने के बहाने वे महिलाओं के आसपास बैठते और मौका मिलते ही उनकी चेन काटकर चोरी कर लेते थे।

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद गिरोह के अन्य सदस्य आयोजन स्थल के बाहर वाहन में इंतजार करते थे और सभी आरोपी चोरी के बाद वाहन से मौके से फरार हो जाते थे।

गिरफ्तार आरोपी

  1. अजय सिंह पुत्र जगत सिंह, निवासी ग्राम समाना, थाना सदर समाना, पटियाला, पंजाब, उम्र 26 वर्ष।
  2. गुरुप्रीत सिंह पुत्र पप्पू सिंह, निवासी 16 एकड़ बरनाला, जिला बरनाला, पंजाब, उम्र 28 वर्ष।
  3. हरजिन्दर कौर उर्फ रानी पत्नी काका, निवासी ग्राम लगडोई, थाना सदर पटियाला, पंजाब, उम्र 40 वर्ष।
  4. पूजा कौर उर्फ लाडी पत्नी जगत सिंह, निवासी ग्राम समाना, थाना सदर समाना, जिला पटियाला, पंजाब, उम्र 48 वर्ष।

बरामदगी

  • 03 पीली धातु की चेन
  • ₹10,000 नकद
  • चेन काटने वाला कटर
  • घटना में प्रयुक्त होंडा सिटी कार संख्या HR-26-AX-2739

पुलिस टीम द्वारा गिरोह के अन्य संभावित मामलों और सदस्यों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस टीम

कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक पटेलनगर विनोद सिंह गुसाईं, उ0नि0 प्रवीण सिंह पुंडीर, उ0नि0 जयवीर सिंह, उ0नि0 विक्रम सिंह नेगी, उ0नि0 बलवीर सिंह रावत, अ0उ0नि0 महेंद्र सिंह राणा, हे0का0 सुनीत चौधरी, हे0का0 मनोज कुमार, का0 बृजमोहन सिंह रावत, का0 आबिद अली, का0 कैलाश पंवार, म0का0 गीता बिष्ट तथा हे0का0 किरण (SOG देहरादून) शामिल रहे।