SGRRSportsदेहरादून

एसजीआरआर विश्वविद्यालय में खेलोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ, 5000 से अधिक विद्यार्थी दिखाएंगे दमखम

15 खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेंगे खिलाड़ी, 2 नवंबर तक चलेगा खेल महोत्सव

देहरादून, 28 अक्टूबर। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू) के वार्षिक खेल महोत्सव खेलोत्सव-2026 का बुधवार को विश्वविद्यालय के खेल मैदान में भव्य शुभारंभ हुआ। 28 अक्टूबर से 2 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस खेल महोत्सव में 15 विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से 5000 से अधिक छात्र-छात्राएं अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

उद्घाटन समारोह में विश्वविद्यालय के एनसीसी बैंड, एनसीसी एवं एनएसएस कैडेट्स तथा विश्वविद्यालय के सभी 11 संघटक स्कूलों के प्रतिनिधियों ने अनुशासित परेड के माध्यम से खेल भावना, एकता और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिपिन चंद्र घिल्डियाल ने खेलोत्सव के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की।

खेलोत्सव के चेयरपर्सन डॉ. पुनीत ओहरी, सचिव डॉ. एसपी जोशी और छात्र सुमीर ने खेल मशाल प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिताओं का विधिवत शुभारंभ किया। योग में राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक विजेता सुमीर द्वारा खेल मशाल प्रज्ज्वलित किए जाने से समारोह का उत्साह और बढ़ गया। विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों ने मशाल के साथ ट्रैक का चक्कर लगाकर खेलोत्सव का आगाज किया।

श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने दी शुभकामनाएं

विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने अपने संदेश एवं आशीर्वचनों के माध्यम से खिलाड़ियों, आयोजन समिति, फैकल्टी, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। डॉ. वाणी शर्मा ने विद्यार्थियों के सम्मुख उनका संदेश प्रस्तुत किया।

कुलपति प्रो. बिपिन चंद्र घिल्डियाल ने अपने संबोधन में कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना भी है। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि खेलोत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और क्षमताओं को निखारने का बेहतर अवसर प्रदान करता है। जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, अनुशासन तथा निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से पूरे उत्साह और समर्पण के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का आह्वान किया।

खेलों से होता है विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास

विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. सोनिका कंडारी ने कहा कि खेलोत्सव विद्यार्थियों की ऊर्जा, प्रतिभा और सामूहिक सहभागिता का उत्सव है। शिक्षा के साथ खेलों में भागीदारी विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास के लिए आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से सहयोग, नेतृत्व, अनुशासन और चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित होती है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और नए लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का संदेश दिया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

उद्घाटन समारोह में गढ़वाली लोक संगीत पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, योग विद्यार्थियों ने विभिन्न योगासनों के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक संतुलन का संदेश दिया।

एनसीसी की 11 यूके बटालियन के अंडर ऑफिसर आदर्श भंडारी एवं अंडर ऑफिसर नीलम ने कैडेट्स का प्रतिनिधित्व करते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी। कॉलेज ऑफ नर्सिंग की छात्रा एवं राष्ट्रीय स्तर की रजत पदक विजेता दिव्या रावत ने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम का संचालन आकृति रावत एवं यश मदान ने किया। खेलोत्सव आयोजन के सचिव डॉ. एसपी जोशी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह में कुलसचिव डॉ. सोनिका कंडारी सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

खेलोत्सव-2026 के तहत आगामी 2 नवंबर तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें विद्यार्थी अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।