ऋषिकेशदेहरादून

चार राज्यों के MLC चुनावों में कांग्रेस की हार पर अमन कुकरेती का निशाना, बोले—उत्तराखंड में भी जल्द दिखेगा असर

देहरादून। चार राज्यों के MLC चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर प्रदेश सह संयोजक अमन कुकरेती ने पार्टी पर निशाना साधते हुए आत्ममंथन करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस बार-बार चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाती है, उसे चुनावी नतीजों से सबक लेते हुए अपनी रणनीति और संगठन की समीक्षा करनी चाहिए।

अमन कुकरेती ने कहा कि उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक में कांग्रेस एक भी सीट जीतने में सफल नहीं रही। उन्होंने विशेष रूप से कर्नाटक का उल्लेख करते हुए कहा कि सत्ता में होने के बावजूद कांग्रेस का खाता नहीं खुलना पार्टी के लिए गंभीर राजनीतिक संदेश है।

उन्होंने कहा कि चुनाव में केवल सत्ता और बयानबाजी से सफलता नहीं मिलती, बल्कि मजबूत संगठन, प्रभावी जनसंपर्क और जनता का विश्वास भी बेहद महत्वपूर्ण होता है। कांग्रेस को अपनी कमियों पर विचार कर जनता के बीच अपनी विश्वसनीयता मजबूत करने की जरूरत है।

अमन कुकरेती ने दावा किया कि आने वाले समय में उत्तराखंड में भी कांग्रेस को इसी तरह की राजनीतिक चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि है और राजनीतिक दलों को आरोप-प्रत्यारोप के बजाय अपने काम, नीतियों और जनविश्वास के आधार पर जवाब देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हर चुनाव राजनीतिक दलों के लिए एक नई सीख लेकर आता है। जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही किसी भी दल की असली परीक्षा है।