यमकेश्वर में राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत शक्ति केंद्र सम्मेलन आयोजित, सांसद अनिल बलूनी सहित कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
गंगा भोगपुर-कौड़िया में आयोजित सम्मेलन में क्षेत्रीय समस्याओं, जनअपेक्षाओं और विकास कार्यों पर हुआ मंथन, हेमन्त द्विवेदी ने जनता से किया संवाद
यमकेश्वर/पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के अंतर्गत यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के गंगा भोगपुर-कौड़िया शक्ति केंद्र में शक्ति केंद्र सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में गढ़वाल सांसद श्री अनिल बलूनी, यमकेश्वर विधायक श्रीमती रेनू बिष्ट तथा बद्री-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष एवं भाजपा नेता हेमन्त द्विवेदी सहित भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों, पूर्व जनप्रतिनिधियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर उपस्थित नेताओं ने स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र की सम्मानित जनता के साथ संवाद किया तथा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं, जनअपेक्षाओं और विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष कोटद्वार राज गौरव नोटियाल पूर्व जिलाध्यक्ष कोटद्वार श्री महावीर कुकरेती, मंडल अध्यक्ष अनिल रावत,भाजपा नेता श्री हेमन्त बहुखंडी, भाजपा की पूर्व प्रदेश मंत्री डॉ. मीरा रतूड़ी, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री विश्वजीत सिंह नेगी, भाजपा जिला संयोजक श्री धर्मवीर पंवार, भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता श्री विपिन कैंथोला, पूर्व विधायक एवं कोटद्वार के मेयर श्री शैलेन्द्र रावत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवंनीरज कुकरेती द्वारीखाल के क्षेत्र पंचायत सदस्य श्री महेंद्र राणा तथा श्री संजीव चौहान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सम्मेलन के दौरान वक्ताओं ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के संघर्ष, शहीदों के बलिदान और राज्य गठन के मूल उद्देश्यों को याद करते हुए प्रदेश के विकास में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि प्रदेश की विकास यात्रा की समीक्षा करने और भविष्य की चुनौतियों के समाधान के लिए सामूहिक संकल्प लेने का भी अवसर है।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमन्त द्विवेदी ने कहा कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनना, उनकी अपेक्षाओं को समझना और उनके सुझावों के आधार पर विकास की दिशा तय करना जनसेवा का वास्तविक आधार है। उन्होंने कहा कि यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है।

इस दौरान गंगा भोगपुर, कौड़िया और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा हुई। स्थानीय नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की आवश्यकताओं, बुनियादी सुविधाओं, विकास कार्यों और जनसमस्याओं से जुड़े अपने विचार एवं सुझाव रखे।
वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार विकास की प्राथमिकताओं में शामिल होना चाहिए। इसके साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच निरंतर समन्वय जरूरी है।
सम्मेलन में सांसद अनिल बलूनी और विधायक रेनू बिष्ट सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों की सहभागिता के बीच संगठनात्मक गतिविधियों और क्षेत्रीय विकास को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
हेमन्त द्विवेदी ने सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रीय जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का स्नेह, विश्वास और सहयोग ही जनसेवा की सबसे बड़ी ताकत है। क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए सभी संकल्पबद्ध हैं।
कार्यक्रम में स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रीय नागरिकों की सहभागिता रही।

