दीपावली के सुअवसर पर श्री बदरीनाथ तथा श्री केदारनाथ धाम में भव्य दीपोत्सव मनाया जाएगा : हेमंत द्विवेदी
• पहली बार बदरीनाथ धाम में जलेंगे 12,000 दीप, माता लक्ष्मी को चढ़ेगा 56 भोग का प्रसाद

श्री बदरीनाथ/श्री केदारनाथ धाम, 19 अक्टूबर।
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि दीपावली के सुअवसर पर दोनों धामों — श्री बदरीनाथ एवं श्री केदारनाथ — में भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मंदिरों को फूलों से भव्य रूप से सजाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पहली बार श्री बदरीनाथ धाम में 12,000 दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे तथा माता लक्ष्मी को 56 भोग का प्रसाद अर्पित किया जाएगा।
बीकेटीसी द्वारा तीर्थ पुरोहितों एवं हक-हकूकधारियों के सहयोग से यह दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। बदरीनाथ होटल एसोसिएशन के सहयोग से यह कार्यक्रम 20 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक चलेगा।
श्री डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत, मेहता, भंडारी, कमदी हक-हकूकधारियों के साथ मिलकर 12 हजार दीपों का प्रज्वलन किया जाएगा तथा माता लक्ष्मी मंदिर में 56 भोग चढ़ाए जाएंगे। इसी प्रकार श्री केदारनाथ धाम में भी तीर्थ पुरोहितों के सहयोग से दीपोत्सव कार्यक्रम संपन्न होगा।
बीकेटीसी अध्यक्ष ने बताया कि मंदिर परिसर एवं मार्गों को दीपों से सजाया जा रहा है। श्रद्धालुओं एवं दानीदाताओं के सहयोग से श्री केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने से पूर्व मंदिर को 12 क्विंटल फूलों से सजाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि श्री केदारनाथ धाम के कपाट इस यात्रा वर्ष 23 अक्टूबर को बंद होंगे, वहीं दीपावली के अवसर पर श्री बदरीनाथ धाम को भी 12 क्विंटल फूलों से सजाया गया है।
दोनों धामों में दीपावली पर्व के अवसर पर पूजा-अर्चना, दीप प्रज्वलन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। तीर्थयात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा हेतु प्रशासन ने विशेष प्रबंध करने के निर्देश भी दिए हैं।
