देहरादून

सेलाकुई में संदिग्ध पनीर की बड़ी खेप पकड़ी, 250 किलो पनीर मौके पर नष्ट

देहरादून।
आज दिनांक 02 फरवरी 2026 को थाना सेलाकुई से SSI श्री जितेंद्र कुमार द्वारा सूचना दी गई कि एक सुजुकी ब्रेज़ा वाहन से संदिग्ध खाद्य पदार्थ (पनीर) की सप्लाई की जा रही है। सूचना मिलते ही खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, जनपद देहरादून की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।


टीम में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा जनपद देहरादून मनीष सयाना, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकासनगर क्षेत्र संजय तिवारी एवं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम देहरादून क्षेत्र रमेश सिंह शामिल रहे।
मौके पर जांच के दौरान पाया गया कि पनीर को अस्वच्छ परिस्थितियों में, बिना खाद्य लाइसेंस के सप्लाई किया जा रहा था। जांच में पनीर से तेज़ दुर्गंध आ रही थी और वह मानव उपभोग के लिए पूर्णतः अनुपयुक्त पाया गया।


वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय तिवारी द्वारा पनीर का नमूना तथा वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह द्वारा दही का नमूना जांच हेतु लिया गया।
जांच उपरांत लगभग 250 किलोग्राम पनीर को जेसीबी मशीन से गड्ढा खोदकर मौके पर ही नष्ट किया गया।


यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड सचिन कुर्वे के स्पष्ट निर्देशों के अनुपालन में की गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य मिलावट और अवैध खाद्य सामग्री की आपूर्ति के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Uma Shankar Kukreti