मा.मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में बड़ा कदम: देहरादून में 54 आंगनबाड़ी केंद्र बने मॉडर्न प्ले स्कूल
बाल विकास को मिला नया आयाम, लघु सिंचाई विभाग ने निभाई कार्यदायी भूमिका
देहरादून, 21 दिसंबर 2025 (सू.वि.)
मा.मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में देहरादून जिला प्रशासन द्वारा जिला योजना वर्ष 2024-25 के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जनपद के 54 ग्रामीण आंगनबाड़ी केंद्रों को प्ले स्कूल की तर्ज पर मॉडर्न एवं हाईटेक रूप में विकसित किया गया है। इन केंद्रों का कार्यदायी दायित्व लघु सिंचाई विभाग द्वारा सफलतापूर्वक निभाया गया।
जिलाधिकारी सविन बंसल एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह के प्रभावी प्रयासों से राजधानी देहरादून के विकासखंड रायपुर, डोईवाला, सहसपुर, कालसी, विकासनगर एवं चकराता में संचालित 54 आंगनबाड़ी केंद्रों को एकीकृत बाल विकास सेवा के अंतर्गत आधुनिक प्ले स्कूल के रूप में विकसित किया गया है।
ब्लॉकवार विवरण
रायपुर – 02
डोईवाला – 08
सहसपुर – 04
कालसी – 08
विकासनगर – 08
चकराता – 24
इन सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और अनुकूल शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने हेतु आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित आंगनबाड़ी केंद्र
लघु सिंचाई विभाग द्वारा इन केंद्रों में मरम्मत कार्य के साथ-साथ अंदर व बाहर की दीवारों पर आकर्षक चित्रों के माध्यम से रंगाई-पुताई की गई है। बच्चों की लर्निंग स्किल को बेहतर बनाने के लिए सभी केंद्रों में स्मार्ट टीवी, स्मार्ट लर्निंग कंटेंट, आकर्षक खिलौने, रंग-बिरंगे कारपेट, प्लास्टिक चेयर, राउंड टेबल एवं खेल सामग्री उपलब्ध कराई गई है।
इसके अतिरिक्त, सभी मॉडर्न आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छ पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। साथ ही बच्चों को समय-समय पर पोषण आहार भी नियमित रूप से प्रदान किया जा रहा है।
वर्ष 2025-26 में और विस्तार
जिला प्रशासन ने आगामी वर्ष 2025-26 में 150 से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों को ट्रांसफॉर्म व मॉडर्नाइज करने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसका कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।
अधिकारियों के वक्तव्य
अधिशासी अभियंता, लघु सिंचाई विभाग विनय कुमार सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर 54 आंगनबाड़ी केंद्रों का कायाकल्प किया गया है। चकराता ब्लॉक के कोटा-तपलाड़, धारौपुडिया, मंझगांव, खन्नाड, रडू, खबऊ, चान्जोई, कुनवा, खारसी एवं नाईली आंगनबाड़ी केंद्रों का कार्य अंतिम चरण में है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि इन केंद्रों में केवल मरम्मत ही नहीं, बल्कि डिजिटल एवं स्मार्ट कंटेंट भी उपलब्ध कराया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि जिला योजना 2024-25 के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों की संरचना, विद्युत व्यवस्था, स्मार्ट टीवी एवं स्मार्ट लर्निंग कंटेंट की सुविधा प्रदान की गई है। वर्ष 2025-26 में इस योजना को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
सकारात्मक प्रभाव
जिला प्रशासन की इस पहल से बच्चों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास को नई दिशा मिल रही है। बच्चों के अभिभावकों ने इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक सराहनीय और दूरदर्शी कदम बताया है।
