Uttarakhand

दुकान पर सामान खरीदने को लेकर विवाद, दुकानदार ने कश्मीर के युवकों से की मारपीट — एक घायल, मुख्य अभियुक्त हिरासत में

कोतवाली विकासनगर – मारपीट की घटना में त्वरित पुलिस कार्रवाई
दिनांक 28/01/2026 को विकासनगर क्षेत्र में कश्मीर निवासी दो युवकों का स्थानीय दुकानदार से दुकान से सामान खरीदने को लेकर आपसी कहासुनी के बाद विवाद हो गया। विवाद के दौरान दुकानदार द्वारा युवकों के साथ गाली-गलौच व मारपीट की गई, जिसमें एक युवक के सिर में चोट आई।
पीड़ित युवक छुट्टियों के दौरान कश्मीर से अपने पिता के पास आए थे, जो पौंटा साहिब में किराए पर निवास करते हैं तथा आसपास के क्षेत्र में फेरी लगाने का कार्य करते हैं। युवक अपने पिता के फेरी कार्य में सहयोग कर रहे थे।
घटना की सूचना पर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली विकासनगर में मु0अ0सं0–26/26, धारा 117(2), 352 बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटनास्थल के निरीक्षण, उपलब्ध साक्ष्यों एवं पीड़ित की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर घटना में नामजद मुख्य अभियुक्त संजय यादव को हिरासत में ले लिया गया है, जिसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस द्वारा सभी पहलुओं पर गहन विवेचना की जा रही है।

Uma Shankar Kukreti