देहरादून

मतदाता सूची में नाम सत्यापन एवं संशोधन के लिए 14 जुलाई से 13 अगस्त तक चलेगा विशेष अभियान

14 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित, नए नाम जोड़ने, संशोधन और आपत्तियों के लिए एक माह का अवसर

देहरादून, 14 जुलाई। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड के निर्देशों के क्रम में जनपद देहरादून में फोटोयुक्त विधानसभा निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हो गई है। 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर 14 जुलाई 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन कर दिया गया है। इसके साथ ही 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने एवं दावे-आपत्तियां दर्ज कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

https://voters.eci.gov.in⁠

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि पात्र नागरिक अपने नाम का सत्यापन अवश्य कर लें। यदि किसी का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है या नाम, पता अथवा अन्य विवरण में त्रुटि है तो निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि नागरिक संबंधित मतदाता पंजीकरण अधिकारी, सहायक मतदाता पंजीकरण अधिकारी तथा बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग की वेबसाइट एवं Voter Helpline App के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है।
इन प्रपत्रों के माध्यम से करें आवेदन
प्रपत्र-6: नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने के लिए।
प्रपत्र-7: मृतक, स्थानांतरित अथवा अपात्र मतदाताओं का नाम हटाने के लिए।
प्रपत्र-8: नाम, पता अथवा अन्य विवरण में संशोधन के लिए।
जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं आम नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची को अधिक शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सशक्त लोकतंत्र के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना अत्यंत आवश्यक है।
साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि विशेष अभियान के दौरान व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर युवाओं एवं नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जाए तथा प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

Uma Shankar Kukreti