दीपावली से पूर्व खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु देहरादून में चला विशेष चेकिंग अभियान
देहरादून, 11 अक्टूबर।
आगामी दीपावली त्योहारों को ध्यान में रखते हुए आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देशानुसार जनपद देहरादून में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित किए जाने हेतु विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया गया।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम विकासनगर श्री संजय तिवारी ने बताया कि वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ऋषिकेश श्री संतोष कुमार सिंह के साथ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम द्वारा बुड्ढी एवं विकासनगर क्षेत्र के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संदेह के आधार पर खुला मावा, मिल्क केक और बर्फी के कुल 5 नमूने जांच हेतु खाद्य विश्लेषक को भेजे गए।
इसी क्रम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र देहरादून श्री रमेश सिंह ने बताया कि सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा श्री मनीष सयाना के नेतृत्व में मुंहवामाफी, टर्नर रोड और जीएमएस रोड स्थित प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान दूध, बर्फी एवं पेड़ा के 3 नमूने जांच हेतु लिए गए।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा श्री मनीष सिंह ने जानकारी दी कि दीपावली पर्व को देखते हुए आज जनपद देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 8 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु एकत्र किए गए।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री रमेश सिंह, श्री संजय तिवारी, श्री संतोष कुमार सिंह और श्री कपिल देव आदि अधिकारी शामिल रहे।
अधिकारियों ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु यह अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा।
