तुंगनाथ-चंद्रशिला क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत, SDRF ने चलाया कठिन रेस्क्यू अभियान
रुद्रप्रयाग जनपद के तुंगनाथ-चंद्रशिला क्षेत्र में शुक्रवार को खराब मौसम के बीच आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) ने दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में देर रात तक चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू अभियान चलाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 29 मई 2026 को राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) देहरादून से सूचना मिली कि तुंगनाथ क्षेत्र में एक पर्यटक समूह आंधी, तूफान और भारी वर्षा के कारण फंस गया है तथा आकाशीय बिजली गिरने से कुछ लोग प्रभावित हुए हैं। सूचना मिलते ही निरीक्षक अनिरुद्ध भंडारी के निर्देशन में SDRF पोस्ट रतूड़ा से उप निरीक्षक संतोष परिहार के नेतृत्व में टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

प्रारंभिक राहत कार्य के दौरान अन्य एजेंसियों द्वारा गंभीर रूप से घायल युवक को 108 एम्बुलेंस की सहायता से अस्पताल भेजा गया, जबकि दो अन्य युवक सुरक्षित पाए गए। वहीं 19 वर्षीय अभिनव वाजपेई पुत्र संजीत कुमार निवासी लखनऊ की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई थी।
रात्रि के समय खराब मौसम, तेज बारिश, दुर्गम पहाड़ी रास्तों और लगभग 8 से 10 किलोमीटर लंबे कठिन पैदल मार्ग के बावजूद SDRF टीम ने अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए चोपता से चंद्रशिला तक रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम रात लगभग 11 बजे घटनास्थल तक पहुंची और मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर कठिन रास्तों से नीचे चोपता तक पहुंचाया।
बाद में SDRF टीम ने शव को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई हेतु जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
प्रभावित व्यक्तियों का विवरण
मृतक:
अभिनव वाजपेई (19 वर्ष), पुत्र संजीत कुमार, निवासी लखनऊ।
घायल:
अभिषेक बाजपेई (23 वर्ष), पुत्र संजीत कुमार, निवासी लखनऊ।
सुरक्षित:
शुभम शुक्ला (25 वर्ष), पुत्र अनुज शुक्ला, निवासी उन्नाव, उत्तर प्रदेश।
आजन मिश्रा (24 वर्ष), पुत्र नीतू मिश्रा, निवासी लखनऊ।
