देहरादून

जन-जन तक पहुंचे केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों का ब्यौरा : नितिन नबीन

 

पार्टी विचार बढ़ाने में सांसद और विधायक निभाएं अहम भूमिका, हारी हुई सीटों पर भी होगा विशेष फोकस

देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सांसदों और विधायकों को पार्टी विचारधारा के विस्तार तथा विधानसभा स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पूर्व में हुए विधानसभा और लोकसभा चुनावों में हारी हुई सीटों तथा कम अंतर से जीती सीटों पर विशेष रणनीति बनाकर कार्य करने पर जोर दिया।

राजपुर रोड स्थित एक निजी प्रतिष्ठान में आयोजित बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सांसदों और विधायकों को आगामी चुनावों की दृष्टि से विस्तृत मार्गदर्शन दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाने को कहा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 100 बुद्धिजीवियों, प्रभावशाली व्यक्तियों और विशिष्ट लोगों की सूची तैयार कर उनसे संपर्क स्थापित किया जाए, ताकि पार्टी के विचार परिवार का विस्तार किया जा सके। साथ ही सरकार और संगठन के बेहतर समन्वय के लिए कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में बूथ सशक्तिकरण पर विशेष चर्चा हुई। जिन बूथों पर बूथ टोली गठन का सत्यापन नहीं हुआ है, वहां विधायक मंडल संगठन के साथ मिलकर कार्य पूरा करें और संगठन को अपने सुझाव भी दें। नितिन नबीन ने कहा कि भाजपा की चुनावी पद्धति बूथ आधारित है, इसलिए बूथ और वहां कार्यरत कार्यकर्ता को मजबूत बनाना बेहद आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों का ब्यौरा भी जनता तक पहुंचना चाहिए। वर्तमान सरकार के 5 वर्ष और पिछले 10 वर्षों के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों को लेकर छोटे-छोटे पम्पलेट और पत्रिकाएं तैयार कर गांव-गांव तक पहुंचाई जाएं। इन पत्रिकाओं में संबंधित विधायक द्वारा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया जाए।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि बैठक में सांसदों और विधायकों ने भी कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिनके आधार पर संगठन 2027 के चुनावों के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करेगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उन सीटों को लेकर भी विशेष मार्गदर्शन दिया जहां भाजपा पिछला चुनाव हार गई थी या जीत का अंतर बहुत कम रहा था। ऐसी विधानसभाओं के लिए लोकसभा और राज्यसभा सांसदों को अतिरिक्त जिम्मेदारी दी जाएगी। साथ ही पहले की तरह संगठन की ओर से पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं को भी संबंधित क्षेत्रों में भेजा जाएगा।

Uma Shankar Kukreti