यमकेश्वर के आदर्श भट्ट ने जीता उत्तराखंड स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में सिल्वर
50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन, यमकेश्वर और पौड़ी गढ़वाल का बढ़ाया गौरव
देहरादून। पौंडा स्थित जसपाल राणा शूटिंग रेंज में आयोजित 24वीं उत्तराखंड स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर निवासी उभरते राष्ट्रीय स्तर के निशानेबाज आदर्श भट्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया।

आदर्श ने प्रतियोगिता के दौरान लक्ष्य पर अचूक निशाना साधते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया। उनकी इस उपलब्धि से पौड़ी गढ़वाल और यमकेश्वर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। पदक वितरण समारोह में प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कई प्रतियोगिताओं में जीत चुके हैं पदक
आदर्श भट्ट मूल रूप से यमकेश्वर के बूंगा गांव निवासी और पूर्व सैनिक सुदेश भट्ट के पुत्र हैं। आदर्श इससे पहले भी राज्य स्तरीय, इंटर-स्कूल राज्य स्तरीय तथा विभिन्न ओपन शूटिंग प्रतियोगिताओं में स्वर्ण सहित कई पदक हासिल कर चुके हैं।
आदर्श की उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि यह है कि वह राष्ट्रीय स्कूल गेम्स में पिस्टल शूटिंग के लिए उत्तराखंड से चयनित होने वाले एकमात्र निशानेबाज रहे हैं।
गुरु जसपाल राणा को समर्पित किया पदक
अपनी इस उपलब्धि को आदर्श भट्ट ने अपने दिवंगत कोच जसपाल राणा को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि जसपाल राणा ही वह व्यक्ति थे, जिन्होंने सबसे पहले उन्हें बंदूक पकड़ना सिखाया और शूटिंग रेंज पर हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
वर्तमान में आदर्श रेड फोर्ट ट्रिगर शूटिंग एकेडमी, ऋषिकेश में निशानेबाजी का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने अपनी सफलता के लिए अपने गुरुजनों और रेड फोर्ट ट्रिगर शूटिंग एकेडमी के प्रशासन का विशेष आभार व्यक्त किया।
2028 ओलंपिक और 2030 कॉमनवेल्थ पर नजर
आदर्श भट्ट का लक्ष्य अब और बड़ा है। उन्होंने कहा कि 2028 ओलंपिक और 2030 में भारत में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स में देश के लिए पदक जीतना उनका एकमात्र लक्ष्य है। इसके लिए वह लगातार कड़ी मेहनत और नियमित अभ्यास कर रहे हैं।
उत्तराखंड केसरी परिवार की ओर से आदर्श भट्ट को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं। 🇮🇳🥈
