DIPRदेहरादून

स्वच्छता अभियान: डीएम डॉ. आशीष चौहान ने खुद संभाली कमान, 100 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा

डीएम बोले—स्वच्छ एवं सुंदर शहर के लिए जनसहभागिता जरूरी, सफाई के साथ नियमित निगरानी पर जोर

देहरादून, 08 अगस्त 2026। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को नगर निगम क्षेत्र के लक्ष्मण चौक और कांवली रोड में विशेष स्वच्छता एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने स्वयं प्रतिभाग करते हुए मौके पर स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अभियान में जिला प्रशासन, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नगर निगम, वेस्ट वॉरियर्स संस्था, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्वयंसेवक और स्थानीय नागरिकों सहित 100 से अधिक लोगों ने सक्रिय सहभागिता की। इस दौरान चिन्हित क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाने के साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

सिर्फ अभियान नहीं, नियमित निगरानी भी जरूरी

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान चिन्हित स्थलों पर सफाई व्यवस्था के साथ-साथ कूड़ा उठान और उसके वैज्ञानिक निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि केवल अभियान चलाकर सफाई करना पर्याप्त नहीं है। चिन्हित क्षेत्रों में नियमित निगरानी और निरंतर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है।

डीएम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित स्वच्छता अभियान संचालित करने तथा स्थानीय नागरिकों को भी इन अभियानों से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागों और विभिन्न संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय के साथ काम करते हुए स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाना चाहिए।

जनसहभागिता के बिना स्वच्छ शहर का लक्ष्य अधूरा

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर शहर के निर्माण के लिए केवल प्रशासनिक प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि आमजन की सक्रिय सहभागिता भी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपने घर, प्रतिष्ठान और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग से ही शहर की स्वच्छता व्यवस्था को स्थायी और प्रभावी बनाया जा सकता है।

सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ भी चलेगा अभियान

डीएम ने सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर रोक की दिशा में प्रभावी कार्रवाई के साथ जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और इसके उपयोग को हतोत्साहित करने के लिए संबंधित विभागों एवं संस्थाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

 

इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीमा डुंगराकोटी ने भी स्वच्छता अभियान में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को दैनिक जीवन और नैतिक दायित्व का हिस्सा बनाकर ही घर, मोहल्ले, शहर और राज्य को स्वच्छ रखा जा सकता है।

अभियान में अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम, तहसीलदार सदर सुरेंद्र देव, वेस्ट वॉरियर्स संस्था से नवीन सडाना सहित जिला प्रशासन, नगर निगम, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं विभिन्न संस्थाओं के अधिकारी-कर्मचारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।