कोटद्वारदुगड्डाद्वारीखालपौड़ीयमकेश्वर

SIR प्रक्रिया की प्रभावी निगरानी के लिए जिला कांग्रेस कमेटी कोटद्वार ने गठित की निगरानी समिति

 

कोटद्वार, 07 अगस्त 2026।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार मतदाता सूची के SIR (Special Intensive Revision) प्रक्रिया के दौरान पात्र मतदाताओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा पूरी प्रक्रिया की प्रभावी निगरानी के लिए जिला कांग्रेस कमेटी, कोटद्वार (पौड़ी गढ़वाल) द्वारा वरिष्ठ कांग्रेसजनों की एक निगरानी समिति का गठन किया गया है।

जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा गठित समिति में श्री किशन पंवार (अधिवक्ता), श्री अवनीश नेगी (अधिवक्ता), श्री गंभीर रावत, श्री अजयपाल रावत, श्री प्रदीप गुसाईं, श्री सुभाष शर्मा, श्री राकेश रावत, श्री कृति सिंह बिष्ट, श्री विमल बिष्ट एवं श्री महावीर सिंह को शामिल किया गया है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि SIR प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचें और उन्हें आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए, इसके लिए पार्टी स्तर पर बूथ एवं क्षेत्रवार प्रभावी निगरानी की जाएगी।

उन्होंने सभी ब्लॉक, नगर एवं मंडल कांग्रेस पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं से समिति के सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित कर सक्रियता से कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही मतदाताओं से भी अपील की कि वे SIR प्रक्रिया के दौरान अपने नाम एवं आवश्यक विवरण की जांच करें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारियों एवं निगरानी समिति के सदस्यों से संपर्क करें।

विकास नेगी ने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का अधिकार सुरक्षित रहे और कोई भी मतदाता प्रशासनिक प्रक्रिया के कारण अपने मताधिकार से वंचित न हो, यही जिला कांग्रेस कमेटी की प्राथमिकता है।