ऋषिकेश

एम्स ऋषिकेश में अंगदाताओं के परिजनों का सम्मान, राज्यपाल बोले — “अंगदान मानवता का सबसे बड़ा दान”

 

ऋषिकेश में आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम में माननीय राज्यपाल ने अंगदान कर दूसरों को नया जीवन देने वाले दानदाताओं के परिजनों को सम्मानित किया। इस अवसर पर 3 डिसीज्ड ऑर्गन डोनर और 12 लाइव ऑर्गन डोनरों के परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

सम्मानित होने वालों में रघु पासवान, श्रीमती निधि और सचिन के परिजन प्रमुख रूप से शामिल रहे। इन परिवारों ने किडनी और लीवर जैसे अंगों का दान कर मानवता की मिसाल पेश की है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि अंगदान सबसे श्रेष्ठ दान है और इसके प्रति जागरूकता का अभियान निरंतर जारी रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि अंगदान करने वाला व्यक्ति मृत्यु के बाद भी दूसरों के जीवन में जीवित रहता है और सदैव अमर हो जाता है।

विशिष्ट अतिथियों के रूप में रिटायर्ड कर्नल बीनू शर्मा, प्रो. बी. सत्या श्री, प्रो. कमर आजम, डॉ. मधुर उनियाल और प्रो. बी.के. बस्तिया ने भी समाज में अंगदान के महत्व और इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर अपने विचार रखे।

कार्यक्रम में ले. कर्नल गोपाल मेहरा, प्रो. शैलेन्द्र हाण्डू, अनिता रानी कंसल सहित संस्थान के कई वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक और फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे। वहीं सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से ऋषिकेश मेयर शम्भू पासवान, महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, स्वामी आनन्द जी महाराज, माधव सेवा विश्राम सदन और रोटरी क्लब के सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

Uma Shankar Kukreti