उत्तराखंड की संस्कृति और सैन्य परंपरा का संदेश लेकर रक्षा मंत्री से मिलीं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु
नई दिल्ली | 21 दिसंबर 2025
उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने आज नई दिल्ली स्थित शासकीय आवास पर देश के माननीय केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने उत्तराखंड के विश्वविख्यात लोकनाट्य रम्माण पर आधारित एक पुस्तक माननीय रक्षा मंत्री को भेंट की और इसके सांस्कृतिक महत्व, परंपरागत स्वरूप एवं वैश्विक पहचान पर विस्तार से चर्चा की।
भेंट के दौरान रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने विधानसभा अध्यक्ष के पिताश्री, पूर्व मुख्यमंत्री एवं सेवानिवृत्त मेजर जनरल भुवन चंद्र खण्डूडी (एवीएसएम) का कुशलक्षेम जाना तथा देहरादून आकर उनसे भेंट करने की इच्छा भी व्यक्त की।
विधानसभा अध्यक्ष ने कोटद्वार की भौगोलिक विशेषताओं, उसकी सशक्त सैन्य पृष्ठभूमि तथा देशसेवा से जुड़े नागरिकों की उल्लेखनीय भूमिका की जानकारी देते हुए रक्षा मंत्री को कोटद्वार पधारने का सादर आमंत्रण भी दिया।
यह शिष्टाचार भेंट उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोकपरंपराओं और गौरवशाली सैन्य परंपरा के सम्मान एवं संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सार्थक पहल के रूप में देखी जा रही है।
