कोटद्वारदेहरादूनपौड़ी

फर्जी प्रमाणपत्रों से नौकरी पाने के आरोप में असिस्टेंट प्रोफेसर गिरफ्तार

गाजियाबाद से पौड़ी पुलिस ने डॉ. उमेश त्यागी को किया गिरफ्तार, यमकेश्वर के विथ्याणी स्थित राजकीय महाविद्यालय से जुड़ा है मामला

यमकेश्वर। फर्जी एवं कूटरचित शैक्षणिक प्रमाणपत्रों के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करने के आरोप में पौड़ी पुलिस ने असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. उमेश त्यागी (49) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया गया। मामला यमकेश्वर क्षेत्र के विथ्याणी स्थित गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय में उनकी नियुक्ति से संबंधित है।

प्राचार्य की शिकायत पर दर्ज हुआ था मुकदमा

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को महाविद्यालय के प्राचार्य ने थाना यमकेश्वर में तहरीर देकर महाविद्यालय में कार्यरत असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. उमेश त्यागी पर फर्जी एवं कूटरचित प्रमाणपत्रों के आधार पर नियुक्ति प्राप्त करने का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर थाना यमकेश्वर में मुकदमा अपराध संख्या 10/2026 दर्ज किया गया। इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 336(3), 338 एवं 340(2) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।

एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई पुलिस टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने निष्पक्ष एवं प्रभावी विवेचना के निर्देश दिए। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष यमकेश्वर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

 

गाजियाबाद से हुई गिरफ्तारी

पुलिस टीम ने मामले की गहन विवेचना करते हुए साक्ष्य एकत्र किए। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर 12 नवंबर 2026 को आरोपी डॉ. उमेश त्यागी को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पूर्व में मुरादनगर, गाजियाबाद का निवासी बताया गया है, जबकि वर्तमान में बादलपुर, गौतमबुद्धनगर (नोएडा) में रह रहा था।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक गिरिजेश त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल लोकेश गिरि, कांस्टेबल संजीव कुमार, एएसआई अहसान अली (सीआईयू) एवं कांस्टेबल अवनीश राणा शामिल रहे।

नोट: मामला आरोपों और विवेचना से संबंधित है। आरोपी को दोषी सिद्ध करने का अंतिम अधिकार न्यायालय को है।