आईआईटी रुड़की में हाइब्रिड एनर्जी पर पैनल चर्चा, डॉ. सुनीता बौड़ाई विद्यार्थी ने तकनीकी शिक्षा पर दिया जोर
स्कूल स्तर से ही बच्चों को कौशल एवं आधुनिक तकनीक से जोड़ना समय की मांग : डॉ. सुनीता बौड़ाई विद्यार्थी
रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग की ओर से आयोजित ‘हाइब्रिड एनर्जी : संभावनाएं एवं भविष्य के आयाम’ विषयक पैनल चर्चा में डॉ. सुनीता बौड़ाई विद्यार्थी ने सहभागिता की। इस दौरान नवीकरणीय ऊर्जा के एकीकरण, स्वच्छ ऊर्जा संक्रमण और भविष्य की तकनीकी संभावनाओं पर विशेषज्ञों ने सार्थक विचार-विमर्श किया।
आईआईटी निदेशक से की शिष्टाचार भेंट
कार्यक्रम के दौरान डॉ. सुनीता बौड़ाई विद्यार्थी ने आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के.के. पंत से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उत्तराखंड के सतत विकास, नवाचार और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
छात्र-छात्राओं से साझा किए अंतरराष्ट्रीय अनुभव
कॉन्फ्रेंस में उपस्थित आईआईटी के मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ डॉ. विद्यार्थी ने सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) पर अपने व्यावहारिक अनुभव साझा किए। उन्होंने समाज और राष्ट्र निर्माण में हरित प्रौद्योगिकी (Green Technology) की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को नवाचार एवं स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
स्कूली शिक्षा में तकनीकी कौशल का समावेश जरूरी
इस अवसर पर डॉ. सुनीता बौड़ाई विद्यार्थी ने कहा कि तेजी से बदलते वैश्विक परिदृश्य में बच्चों को स्कूली शिक्षा के शुरुआती स्तर से ही कौशल विकास और आधुनिक तकनीक से जोड़ना बेहद जरूरी है।
उन्होंने अपने विभिन्न देशों के अंतरराष्ट्रीय अनुभव साझा करते हुए बताया कि विकसित देशों की शिक्षा प्रणाली में बच्चों को प्रारंभिक कक्षाओं से ही व्यावहारिक कौशल और नई तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाता है। इससे विद्यार्थी स्कूली शिक्षा पूरी करने तक भविष्य के रोजगार, तकनीकी नवाचार और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार हो जाते हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत में भी शिक्षा के क्षेत्र में इस तरह के दृष्टिकोण को अपनाकर युवा पीढ़ी को अधिक आत्मनिर्भर, कुशल और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाया जा सकता है।

